लखनऊ जा रहे मिर्जापुर के विधायक रत्नाकर मिश्र के वाहन में सोमवार को रानीगंज में एक ट्रैक्टर से टक्कर लग गई। इससे गुस्साए विधायक के गनर ने ट्रैक्टर चालक को पीटना शुरू कर दिया। घटना की जानकारी होने के बाद आसपास के लोगों ने विधायक और उनके गनर को घेर लिया। इस पर विधायक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई, जहां समझौता हो गया।
सोमवार को मिर्जापुर सदर के भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्र अपने वाहन से वाराणसी से लखनऊ जा रहे थे। रानीगंज चौराहे पर पहुंचने पर चालक ट्रक से पास लेने लगा। इसी बीच जामताली मार्ग की तरफ से एक टै्रक्टर गिट्टी लादकर आ रहा था। उसका अगला चक्का विधायक के वाहन से टकरा गया। इस पर विधायक के चालक ने वाहन को राजमार्ग के बीच में रोक दिया।
विधायक का गनर वाहन से उतरकर ट्रैक्टर चालक की पिटाई करने लगा। यह देख चौराहे पर मौजूद लोग भडक़ गए और गनर के साथ-साथ विधायक को भी घेर लिया। बवाल बढ़ते देख विधायक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई, जहां समझौता हो गया। इसके बाद विधायक लखनऊ के लिए रवाना हुए।