बहन के घर से लौट रहा बाइक सवार टेंपो से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। बाइक पर सवार पिता की मौत हो गई जबकि चालक बेटा घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को जिला अस्पताल भेजवा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लालगंज कोतवाली के बासूपुर पौड़िया गांव निवासी भोला प्रसाद (55) अपने बेटे वकील (18) के साथ बाइक से सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर गांव बहन के घर गया था। रविवार को दोनों घर लौट रहे थे। कंधई थाना क्षेत्र के ताला मोड़ के पास पीछे से एक टेंपो ने ओवरटेक किया। वकील टेंपो से बचने के प्रयास में बाइक लेकर पलट गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पिता-पुत्र को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवा दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने भोला प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। वकील का इलाज हो रहा है। भोला कथा सुनाने का काम करता है। उसके पास दो बेटे हैं।
उध्ार, कंधई थाना क्षेत्र के पूरेबाबू गांव निवासी उमाशंकर की बेटी साक्षी (3) घर के पास सड़क किनारे खेल रही थी। तेज रफ्तार एक कार उसे टक्कर मार कर भाग निकली। चीख पर घर से बाहर निकले परिजन खून से लथपथ देख परेशान हो गए। परिजनों ने काफी दूर तक कार का पीछा किया पर चालक भाग निकला। इसी तरह अंतू थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी आकाश (3) पुत्र नरेन्द्र बहादुर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साक्षी की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया।