पूर्ति निरीक्षक से अभद्रता करने वाले प्रधान की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को डीएसओ कार्यालय में तालाबंदी करने के साथ ही कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। बांह में काली पट्टी बांधकर पूर्ति निरीक्षक और कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कहा है कि जब तक आरोपी प्रधान की गिरफ्तारी नहीं होती है, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इधर, पूर्ति निरीक्षक ने नगर कोतवाल को पत्र देकर बताया कि उनके साथ मारपीट और अभद्रता करने वाला सराय बहेलिया गांव का प्रधान महेंद्र गुप्ता है, जो विधायक का करीबी है।
क्षेत्र पंचायत की बैठक में पूर्ति निरीक्षक को किताब से मारने और अभद्रता करने वाला सदर विकास खंड के सरायबहेलिया गांव का प्रधान महेंद्र गुप्ता है। पूर्ति निरीक्षक ने पहले खजुरनी गांव निवासी दीनानाथ तिवारी के नाम मुकदमा दर्ज कराया था। पूर्ति निरीक्षण ने मंगलवार को शहर कोतवाल से मिलकर बताया कि दो माह पहले ही उन्हें प्रभार मिला है, इसलिए मैं प्रधान को पहचान नहीं पाई। इधर पूर्ति निरीक्षकों ने कार्य बहिष्कार कर तालाबंदी की और बांह में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्ति निरीक्षकों और कर्मचारियों ने चेताया है कि जब तक प्रधान की गिरफ्तारी नहीं होती है, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आरोपित दबंग प्रधान ने इसके पूर्व महिला ग्राम पंचायत अधिकारी के साथ अभद्रता की थी, मामला सीडीओ तक पहुंचने पर महिला कर्मचारी ने अपना तबादला करवा लिया था।