झांसेबाज ट्रक मालिक को दबोचने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस बेल्हा आ धमकी। ट्रक व उसके मालिक की तलाश में दबिश दी, लेकिन उसका पता नहीं चला। छानबीन में पता चला कि ट्रक मालिक एफसीआई का गेहूं भी गायब कर चुका है।
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से गेहूं लादकर एक माह पहले 12 चक्का ट्रक हैदराबाद के लिए निकला था। समय पर गेहूं नहीं पहुंचा तो ट्रांसपोर्टर उसकी तलाश करने लगा। पता न चलने पर ट्रक चालक व मालिक के खिलाफ छिंदवाड़ा में मुकदमा दर्ज कराया। शुक्रवार को एमपी पुलिस बेल्हा पहुंची। पहले एआरटीओ कार्यालय पहुंचकर छानबीन की। पता चला कि आरोपी ट्रक मालिक ने जिले में भी एफसीआई में पहुंचाने वाला गेहूं गायब कर चुका है। इसकी तलाश विभाग के लोगों को है। ट्रक मालिक दूसरे प्रदेशों में अपने ट्रक का नंबर बदलकर सामान लादता और रास्ते में गायब कर देता था। छानबीन करने के बाद कंधई पुलिस की मदद से आरोपी ट्रक मालिक के ठिकाने पर एमपी पुलिस ने दबिश दी लेकिन उसका पता नहीं चला।
एआरटीओ प्रशासन सुशील मिश्रा ने बताया कि झांसा देकर ट्रांसपोर्टर का सामान गायब करने वाले ट्रक का पता चल गया है। एमपी पुलिस के साथ ही जिले की पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।