गड़वारा (ब्यूरो)। अंतू इलाके के गड़वारा मोड़ के निकट गुरुवार रात बदमाशों ने एक पंप संचालक को लूटा फिर गोली मारकर घायल कर दिया। घायल पंप संचालक को लोग जिला अस्पताल ले गए। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन लूट का केस दर्ज करने से इनकार कर दिया।
अंतू इलाके के शिवराजपुर निवासी सत्येंद्र कुमार सिंह उर्फ पप्पू (42) का ककरहा मोड़ के निकट गोकुल फिलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोलपंप है। वह गुरुवार देर रात पंप पर हिसाब करने के बाद बाइक से घर जा रहे थे। अभी गड़वारा मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से एक बाइक से आए दो बदमाशों ने ओवरटेक करके बाइक रोक ली। सत्येंद्र से नगदी लूटने के बाद उन्हें गोली मार दी। हालांकि पीड़ित यह नहीं बता पा रहा है कि पर्स में कितने रुपये थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। बताया जाता है कि महज दो सौ मीटर पर स्थित पुलिस चौकी से पुलिस को मौके पर पहुंचने में एक घंटे का समय लग गया। अंतू थाने में मुकदमा दर्ज कराने पहुंचने पर पुलिस ने लूट का मुकदमा लिखने से मना कर दिया। पुलिस ने कहा कि जो सामने दिखाई दे रहा है, उसी का मुकदमा होगा। बताया कि पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
मोटी रकम की फिराक में थे बदमाश
बदमाशों ने पंप संचालक से मोटी रकम लूटने की तैयारी की थी। यही वजह है कि बदमाश पहले से ही पंप संचालक के निकलने का इंतजार कर रहे थे। दरअसल में प्राय: शाम को हिसाब करने के लिए संचालक पंप पहुंच जाते थे। बदमाशों को अंदेशा था कि दिन भर की बिक्री के रुपये संचालक अपने घर ले जाते हैं। इसी पर नजरे गड़ाए बैठे बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।