कॉलेज प्रबंधक पर जानलेवा हमला करने वालों पर केस
दो युवक समेत दो छात्राएं नामजद, छैवा पुल के पास हुई थी घटना
छात्रा ने दर्ज कराई है प्रबंधक पर अश्लील मैसेज भेजने की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। कॉलेज प्रबंधक के ऊपर जानलेवा हमला करने वाले लोगों पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। छात्रा ने पहले ही प्रबंधक के खिलाफ अश्लील हरकत के साथ ही गलत मैसेज भेजने का मुकदमा दर्ज कराया है।
राजापुर खरहर स्थित आचार्य सदाशिव के प्रबंधक श्याम शंकर उपाध्याय निवासी औवार का आरोप है कि वह 29 अप्रैल की रात शहर से अपने घर जा रहे थे। नगर कोतवाली के छैवा पुल के पास विश्वजीत शुक्ला व आशुतोष के साथ दो अज्ञात छात्राओं ने रोक लिया। जहां कॉलेज प्रकरण को लेकर बातचीत के दौरान विश्वजीत और आशुतोष उसे मारने पीटने लगे। जान बचाकर वह भागा तो दोनों ने उसके ऊपर फायर कर दिया। हालांकि गोली लगने से वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने विश्वजीत व आशुतोष समेत दोनों छात्राओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। गौर करने की बात यह है कि पिछले दिनों कॉलेज में डीएलएड की छात्रा ने कॉलेज के प्रबंधक श्याम शंकर उपाध्याय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। नगर कोतवाल ने बताया कि प्रबंधक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
सोशल मीडिया पर फर्जी खबरें वायरल करने वालों पर मुकदमा
बसपा प्रत्याशी और भाजपा नेता की तहरीर पर नगर कोतवाली में दर्ज हुआ केस
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव के दौरान फर्जी खबरें सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले लोगों के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। बसपा प्रत्याशी और भाजपा नेता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले की जांच नगर कोतवाल करेंगे।
नगर कोतवाली के रूपापुर निवासी अशोक त्रिपाठी बसपा के सांसद प्रत्याशी हैं। उन्होंने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि नगर विकास व्हाट्सएप ग्रुप पर मोबाइल नंबर 9369604113 से 8 मई से अलग-अलग समय पर गलत मैसेज प्रसारित किए जा रहे हैं। जिससे चुनाव में माहौल खराब होने की आशंका है। पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज करते हुए छानबीन शुरू कर दी है।
दूसरी ओर नगर कोतवाली के शिवजीपुरम निवासी गोकुलनाथ श्रीवास्तव भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हैं। कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया कि 7 मई को उनकी सामाजिक व राजनीतिक छवि खराब करने के लिए झूठी खबर व्हाट्सएप और फेसबुक पर श्याम प्रसाद की आईडी से वायरल की जा रही है। जिसमें कहा जा रहा है कि सांसद प्रत्याशी संगमलाल गुप्ता के घर पर लेनदेन के विवाद में उनकी पिटाई हुई है। जबकि ऐसा कुछ भी नहीं है। नगर कोतवाल ने बताया कि दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
चरस के साथ युवक को दबोचा
प्रतापगढ़। गश्त के दौरान चरस के साथ पुलिस ने युवक को दबोच लिया। भंगवा चुंगी चौकी प्रभारी ने बुधवार की गश्त के दौरान नया माल गोदाम रोड से इरफान पुत्र रजीउद्दीन को दबोच लिया। उसके पास से 150 ग्राम चरस बरामद हुआ। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।