सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने और खाली करने के लिए दबाव बनाने पर आत्महत्या की धमकी देने वाले भू-माफिया के असलहे का लाइसेंस डीएम ने निरस्त कर दिया है। एसडीएम की रिपोर्ट के बाद डीएम ने यह कार्रवाई की है।
रानीगंज इलाके के महोथरी गांव निवासी विशंभरनाथ मिश्र पुत्र रामअकबाल मिश्र ने एनपीबोर रिवाल्वर का लाइसेंस ले रखा था। ग्रामसभा की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले विशंभरनाथ मिश्र पर राजस्व विभाग ने जमीन खाली करने का दबाव बनाया, तो वह एसडीएम रानीगंज के पास पहुंचकर अपनी कनपटी पर असलहा लगाकर आत्महत्या की धमकी देने लगे। एसडीएम ने उनकी इस हरकत को देखकर दंग रह गए। उन्होंने डीएम को रिपोर्ट भेजकर लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति कर दी। बुधवार को डीएम शंभु कुमार ने लाइसेंस को निरस्त कर दिया है।