जिलाधिकारी आवास पर काम करने वाला सफाई कर्मचारी बाइक चोरों का साथी निकला। बुधवार को अपने साले और एक युवक के साथ चोरी की बाइक बिकवाने वह रेलवे स्टेशन स्थित वाहन स्टैंड पहुंचा। यहां पुलिस ने तीनों को दबोच लिया।
वाराणसी जिले के रहने वाले राहुल कुमार महिला अस्पताल के सामने एक कांप्लेक्स में आरओ बेचने वाली कंपनी में काम करते हैं। मंगलवार की रात उसकी बाइक चोरी हो गई थी। सूचना पर पहुंची डायल 100 छानबीन के बाद लौट गई। बुधवार को राहुल रेलवे स्टैंड पर खड़ी बाइकों को देखने पहुंचा। यहां उसकी बाइक खड़ी थी। यह देख वह सन्न रह गया। उसने स्टैंड संचालक से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया। कुछ देर बाद भंगवाचुंगी और मकंद्रूगंज चौकी की पुलिस रेलवे स्टैंड पर पहुंच गईं। पुलिस दूर से बाइक पर नजर रखे हुई थी। तभी डीएम ऑफिस लिखी एक बाइक से तीन लोग पहुंचे। कुछ देर इधर-उधर देखने के बाद तीनों स्टैंड में खड़ी चोरी की बाइक के पास पहुंचे। तभी स्टैंड संचालक ने बाइक खड़ी करने वाले चोर को पहचान लिया और पुलिस को इशारा किया। पुलिस को आते देख बाइक चोर भागने लगे। उसके पीछे साथ आए दोनों युवक भी भागने लगे। लोगों की मदद से पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। सभी को पुलिस चौकी मकंद्रूगंज लाया गया। चौकी प्रभारी मकंद्रूगंज अनिल पांडेय ने बताया कि बलीपुर निवासी राहुल बाइक चोरी करता है। डीएम आवास पर तैनात सफाईकर्मी संतोष कुमार निवासी संसारपुर नगर कोतवाली चोरी की बाइकों को बिकवाने का काम करता है। उसके इस काम में उसका साला संदीप कुमार निवासी सरायगोविंद थाना मानधाता मदद करता है। बाइक चोरी के गैंग में कुल सात सदस्य हैं। चार फरार सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
इनसेट------
जब डीएम ऑफिस का दिखाने लगा रौब
बाइक चोर के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा सफाई कर्मचारी संतोष कुमार मकंद्रूगंज पुलिस चौकी पर पुलिसकर्मियों पर ही रौब गांठता रहा। पुलिसकर्मियों के पूछताछ करने पर वह सभी को अर्दब में लेने लगा। इस बीच वह डीएम आवास पर तैनात किसी कर्मचारी से बात कराने लगा। यह देख पुलिस का पारा गरम हो गया और उसकी जमकर खबर ली।