विहार (प्रतापगढ़)। लूटपाट की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने विरोध पर युवक की सब्बल और ईंट से कूंच कर हत्या कर दी। खून से लथपथ युवक को मकान के छत से नीचे फेंक दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची डायल 100 की टीम उसे अस्पताल ले जाने की बात कहते हुए शव लेकर चली गई। इस मामले में पुलिस ने भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बाघराय थाना क्षेत्र के बेधनगोपालपुर रामनगर चौराहा निवासी गिरधारी शुक्ला (35) पुत्र चंद्रभूषण शुक्ला अपने परिवार के साथ सोमवार की रात घर में सो रहे थे। रात में ही वह अपने पिता का उपचार कराने के बाद इलाहाबाद से लौटे थे। रात करीब 11.30 बजे चोरी की नीयत से बदमाश उनके घर में प्रवेश कर गए। बदमाशों की आहट पाकर गिरधारी की आंख खुल गई। वह अकेले मकान की छत की ओर भागे। परिजनों की मानें तो बदमाशों की संख्या दो थी। बदमाशों ने सब्बल से गिरधारी के सिर पर प्रहार कर दिया और ईंट से उसके सिर व चेहरे पर हमला किया। जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़े।
बदमाशों ने उसे छत से फेंक दिया। चीख सुनकर नीचे सो रहे परिजन जाग गए। वे शोर मचाते हुए छत की ओर भागे तो दो बदमाश बगल के मकान के सहारे भाग निकले। परिजन गिरधारी को खोजने लगे। नीचे गिरधारी कराह रहा था। लोग भागकर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। अभी उसे अस्पताल ले जाने की व्यवस्था में परिजन ही जुटे थे, तभी उनकी सांसें थम गईं। मौके पर पहुंची डायल 100 की टीम गिरधारी के शव को यह कहते हुए लेकर गई कि उसे अस्पताल ले जा रहे हैं। युवक के हत्या की खबर मिलते ही बाघराय पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के भाई विद्याभूषण की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसओ बाघराय ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। हत्यारों की मंशा लूटपाट की थी या फिर वे किसी दूसरी वजह से घर में आए थे।
नशे में धुत थे डायल 100 के पुलिसकर्मी
बाघराय थाना क्षेत्र के बेधनगोपालपुर में गिरधारी की हत्या की सूचना पर पहुंची डायल 100 टीम के पुलिसकर्मी नशे में धुत थे। उन लोगों से संभला तक नहीं जा रहा था। मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे। वे मृतक को वाहन से ले जाने के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे। हालांकि एसओ ऐसी बात को सिरे से नकार रहे हैं।
सब्बल, ईंट से कूंच युवक को छत से फेंका, मौत
बाघराय में लूटपाट के विरोध पर घर में घुसे बदमाशों ने अंजाम दी वारदात
शोर शराबा सुनकर दौड़े परिजन तो भाग निकले बदमाश