बाजार स्थित एसबीआई शाखा प्रबंधक के चैंबर में एक टप्पेबाज ने युवक के करीब 36 हजार रुपये उड़ा दिया। काफी देर तक तलाश के बाद भी आरोपी का पता नहीं चल सका। कोतवाली में तहरीर दी गई है।
लालगंज कोतवाली क्षेत्र के मुकुंदी का पुरवा अगई निवासी दयाराम यादव मंगलवार को रानीगंज कैथौला स्थित एसबीआई में पैसा जमा करने आया था। दूसरे के खाते में करीब 36 हजार रुपये सीधे जमा करने से कैशियर ने इंकार कर दिया। इस पर दयाराम शाखा प्रबंधक मो. शकील के चैंबर में पहुंचा और पैसा जमा करने के लिए अनुरोध करने लगा। शाखा प्रबंधक ने उसे बताया कि ग्रीन कार्ड से पैसा जमा किया जा सकता है। यह सुनकर वह ग्रीन कार्ड की व्यवस्था करने बाहर जाने लगा तो मैनेजर के चैंबर में खड़े एक युवक ने उससे रुपये जमा करने के लिए मांग लिए। रुपये लेने के बाद वह चैंबर से पीछे के रास्ते कैशियर के पास पहुंचा और दयाराम से जमापर्ची भरकर लाने के लिए कहा। जैसे ही वही जमापर्ची लाने दयाराम दूसरे काउंटर की ओर गया टप्पेबाज उसका पैसा लेकर वहां से खिसक लिया। जमापर्ची भरकर जब वह वापस लौटा तबतक टप्पेबाज बहुत दूर जा चुका था। जानकारी होने पर बैंककर्मियों व ग्राहकों ने टप्पेबाज की तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लग सका। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर केस दर्ज किए जाने की मांग की है। शाखा प्रबंधक मो. शकील ने बताया कि चैंबर में पूछताछ के लिए कोई भी आ सकता है। पीड़ित का पैसा जो भी ले गया है उसकी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई होगी। पुलिस की छानबीन में हकीकत सामने आएगी।