इलाहाबाद के अधिवक्ता राजेश श्रीवास्तव के हत्यारों की तलाश में एसटीएफ गुरुवार की रात बेल्हा आ धमकी। इलाहाबाद से क्राइम ब्रांच की टीम भी जिले में डेरा डाले हुए है। पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों के घर दबिश दी, लेकिन आरोपी नहीं मिले। उनके कुछ साथी पुलिस टीम के हाथ लगे हैं। जिनसे पूछताछ कर एसटीएफ शूटरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इलाहाबाद में अधिवक्ता राजेश श्रीवास्तव की हत्या करने वाले शार्प शूटर थे। प्रतापगढ़ में भी कई अधिवक्ताओं की हत्या हो चुकी है। जिसमें शार्प शूटरों के शामिल होने की बात सामने आ चुकी है। एडीजी व आईजी ने गहन मंथन के बाद प्रतापगढ़ के शार्प शूटरों पर संदेह जताया। पुलिस ने शार्प शूटरों की तस्वीर वायरल करते हुए लोगों से मदद मांगी। पुलिस सूत्रों की मानें तो बाइक चला रहा युवक प्रतापगढ़ में कुछ दिनों पहले देखा गया था। इस तरह की बात सामने आने पर गुरुवार की रात एसटीएफ इलाहाबाद व क्राइम ब्रांच की टीम बेल्हा आ धमकी। मानधाता थाना क्षेत्र के कई गांवों में टीम के लोगों ने दबिश दी, लेकिन कोई नहीं मिला। क्षेत्र के एक संदिग्ध के घर भी पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिला, परिवार के लोगों से पूछताछ भी हुई। उसके कुछ साथियों को टीम ने शहर से उठाया है। इलाहाबाद क्राइम ब्रांच के सदस्यों ने मीराभवन से लेकर विश्वनाथगंज के इर्द-गिर्द डेरा डाल रखा है। आशंका जताई जा रही है कि वकील की हत्या में बेल्हा के शूटर भी शामिल हैं। सीओ सिटी रमेशचंद्र ने बताया कि एसटीएफ व इलाहाबाद क्राइम ब्रांच की टीम आई जरूर थी, लेकिन वह अपने तरीके से काम करती रही। स्थानीय पुलिस को साथ नहीं लिया।
मोबाइल की लोकेशन से शंका को मिल रही मजबूती
वकील की हत्या में शामिल शार्प शूटरों की तलाश में लगी एसटीएफ और क्राइम ब्रांच ने सर्विलांस के साथ ही घटनास्थल से लेकर अधिवक्ता के मकान तक के बीटीएस खंगाले। जिसमे कुछ संदिग्ध नंबर भी मिले। उन नंबरों को ट्रेस करने पर पता चला कि दो दिन पहले उनकी लोकेशन प्रतापगढ़ में थी। जिसके बाद सक्रिय हुई एसटीएफ और क्राइम ब्रांच इलाहाबाद उन तक पहुंचाने के लिए हाथ-पैर मारने लगीं।