जेठवारा। डीजल लेने के फेर में एक युवक की जान चली गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलने पर घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बाघराय थाना क्षेत्र के कलुआपुर चकवड़ निवासी संतोष कुमार मौर्य (35) पुत्र रामानंद खेत में धान की रोपाई करवा रहा था। खेत की सिंचाई के लिए पंपिगसेट के लिए डीजल लेने के लिए रविवार को वह घर से बाइक लेकर निकला। उसके पास रुपये नहीं थे। वह एटीएम कार्ड से डीजल लेने के लिए सराय आनादेव स्थित पेट्रोल पंप के लिए चल पड़ा। जेठवारा थाना क्षेत्र के सरियापुर के करीब सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने संतोष मौर्य की बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह दूर जा गिरा। उसके ऊपर से वाहन का पहिया गुजर गया। इससे संतोष की मौत हो गई। हादसे के समय वहां कोई नहीं था। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण पहुंचे। लोगों ने उसके मोबाइल से उसकी पहचान की और हादसे की जानकारी परिजनों को दी। खबर मिलने पर परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। हादसे की बाबत दिवंगत के भाई अनिल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।