कटरामेदनीगंज। रास्ते में राहगीरों से लूटपाट करने वाले चार युवकों ने शुक्रवार रात फिर एक व्यापारी और उसके साथी को लूटने का प्रयास किया। सरायदेवराय मोड़ के पास हुई इस घटना में व्यापारी के चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बदमाशों को खदेड़ लिया। इस दौरान तीन युवक भाग निकले जबकि उनका एक साथी पकड़ लिया गया। जमकर पीटने के बाद गांववालों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही व्यापारी की तहरीर पर चार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है।
नगर कोतवाली के खजोहरी निवासी व्यापारी मदनलाल उर्फ बच्चा (36) पुत्र श्यामलाल शुक्रवार रात अपने साथी सुभाष पुत्र किशोरी के साथ बाइक से जलालपुर में दुर्गा पूजा देखने जा रहा था। सरायदेवराय मोड़ के करीब चार युवकों ने रास्ते में पेड़ के जरिए रस्सी बांध रखी थी। इसमें फंसकर मदनलाल व सुभाष बाइक समेत गिर पड़े। उनके गिरते ही चारों युवकों ने पीटने के साथ ही उनसे लूटपाट शुरू कर दी। विरोध पर बदमाशों ने फायर भी झोंका। गोली चलने की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़े तो बदमाश भागने लगे। ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोच लिया और जमकर पीटने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।इस मामले में मदनलाल के पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्रमोद सरोज, नन्के सरोज, बबलू पटेल और रामबाबू पटेल निवासी बबुरहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
ग्रामीणों की पिटाई से घायल प्रमोद सरोज को जिला अस्पताल लाया गया। इलाज के बाद उसे फिर कोतवाली लाया गया। जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। ग्रामीणों का आरोप था कि रस्सी के सहारे गिराकर चारों ने घाटमपुर और हरखपुर के तीन लोगों के साथ लूटपाट को अंजाम दिया है। शहर कोतवाल ने बताया कि तहरीर में व्यापारी ने लूटपाट का जिक्र नहीं किया है। इसलिए जो तहरीर मिली उसी आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सरायदेवराय मोड़ के पास हो रही घटना की सूचना लोगों ने डायल 100 के साथ ही सिटी चौकी प्रभारी को दी लेकिन सूचना के बाद भी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। विलंब होता देख मदनलाल व उसके परिजनों ने पकड़े गए प्रमोद सरोज को अपने घर लाकर बंद कर दिया। अनहोनी की आशंका से सब भयभीत रहे।