मार्निंग वाक को निकली दो महिलाओं क ो ट्रक ने रौंदा
सांगीपुर बाजार में घटना स्थल पर दोनों की दर्दनाक मौत
ट्रक छोड़कर चालक फरार, अज्ञात पर केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
सांगीपुर (प्रतापगढ़)। बुधवार की सुबह मार्निंग वाक से लौट रहीं दो महिलाओं को रौंदते हुए अनियंत्रित ट्रक ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मारते हुए मकान से जा टकराया। दोनों महिलाओं की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को थाने में लाकर खड़ा कर दिया। मामले में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सांगीपुर कस्बे के व्यवसाई रामभजन की पत्नी रामा देवी (60) वर्ष व जालौन जनपद के अकबरपुर इटौरा निवासी प्रेम पाल की पत्नी शशि पाल (32) वर्ष बुधवार की सुबह मार्निंग वाक पर निकली थीं। लगभग पांच बजे लालगंज रोड से वापस लौटते समय वे जैसे ही रामकरन गुप्ता के घर के पास पहुंचीं कि अचानक सांगीपुर कस्बे की तरफ से सीमेंट लदा ट्रक आ गया। ट्रक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि दोनों महिलाएं भाग भी नहीं सकी, और ट्रक के चपेट में आ गईं। सड़क के बगल ईंट की लगी छल्ली को तोड़ता हुआ ट्रक एक ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराय। फिर भी ट्रक नहीं रका और आगे रामकरन गुप्ता के मकान की बाहरी दीवाल से टकरा कर खड़ा हो गया। टक्कर व महिलाओं की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। हालांकि चालक व खलासी मौका पाकर भाग निकले। लोगाें ने चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया। दोनों महिलाओं की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ट्रक थाने खिंचवा लाई। राम भजन के बेटे रमाशंकर की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया। उधर घटना के बाद सांगीपुर बाजार व आस पास के लोग घटना स्थल व थाने पर डटे रहे।
फोटो...11.12.13.14.15.16
प्रमोद व मोना ने घटना पर दुख व्यक्त किया।
सांगीपुर (ब्यूरो)। कस्बे के व्यवसाई राम भजन की पत्नी रामा देवी व फुलकी विक्रेता प्रेमपाल की पत्नी की मौत पर राज्य सभा संासद प्रमोद तिवारी व रामपुर खास की विधायक आराधना मिश्रा मोना ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल के माध्यम से भेजे शोक संदेश में सांसद व विधायक ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे परिजनों के साथ हैं।
तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
परिजनों का रोकर हुआ बुरा हाल
सांगीपुर (ब्यूरो)। अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आई रामा देवी के घर के बगल ही शशि पाल के पति प्रेम पाल ने किराए का मकान ले रखा है। लगभग पांच वर्ष से वहां दोनों पड़ोसी के रूप में रहा करते हैं। जालौन जनपद का निवासी प्रेम पाल फुलकी का कारोबार करके अपना परिवार पालता है। शशि पाल के तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी बेटी आकांक्षा (12), उसके बाद बेटा सुमित (08) व बेटी आरजू (06) , है। प्रेम पाल फुलकी का कार बार पिछले बारह साल से कर रहा है। रामा देवी के घर के बगल उसने पांच साल से कमरा लिया है। दोनों महिलाएं रोजाना सुबह टहलने के लिए साथ साथ जाती थीं। पर बुधवार की सुबह उनके लिए आखिरी सुबह साबित हुई। दोनों महिलाओं के घर में सिर्फ चीख पुकार ही सुनाई दे रही है। रामा देवी के दोनों बेटे रमा शंकर व उमाशंकर का एक तरफ रो रोकर बुरा हाल था तो शशि का पति भी टूट चुका है। उसका कहना था कि वह फुलकी बेंच कर अपना व परिवार का भरण पोषण कर लेता था। वह दिन भर फुलकी बेचता था और उसकी पत्नी बच्चों को संभालती थी। पर आज उसके तीन बच्चे बेसहारा हो गए और वह खुद भी इस दुख को नहीं सहन कर पा रहा है।
ड्राइवर की झपकी तो नहीं दोनों के मौत की जिम्मेदार ?
सांगीपुर (ब्यूरो)। दो महिलाओं की दर्दनाक मौत पर सांगीपुर बाजार में शोक का माहौल देखा गया। लगभग हर कोई घटना स्थल पर जाना चाहता था। लोगों का कहना था कि ट्रक की स्टेयरिंग या ब्रेक फेल होता तो हादसे के बाद पुलिस कैसे ट्रक को थाने तक ले आती। इससे लोगों का अनुमान है कि सुबह का समय होने के कारण हो सकता है ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई हो। इसी वजह से इतनी बड़ी घटना हुई हो।