बस में सवार बदमाशों ने की यात्रियों से लूटपाट
कंडक्टर से भी रुपये छीनकर भाग निकले बदमाश
भयभीत चालक-खलासी ने पुलिस को नहीं दी तहरीर, अंतू पुलिस बता रही अफवाह
अमर उजाला ब्यूरो
संडवाचंद्रिका। बस में सवार तीन बदमाशों ने असलहे के बल पर यात्रियों से लूटपाट की। बस कंडक्टर से भी रुपये छीनने के बाद बदमाश सुनसान स्थान पर बस रुकवाकर भाग निकले। हालांकि अंतू पुलिस लूटपाट की घटना से इंकार करते हुए केवल बस कंडक्टर व यात्री से विवाद की बात बता रही है।
सांगीपुर से हर रोज सवारियों को लेकर प्राइवेट बसें शहर जाती हैं। रविवार की सुबह भी एक प्राइवेट बस सवारियों को लेकर शहर की ओर आ रही थी। सांगीपुर से बस पर करीब 25 लोग बैठे थे। बस में सांगीपुर थाना क्षेत्र के गौहानी निवासी महावीर मौर्या भी सवार था। सवारियों के बीच ही तीन असलहाधारी बदमाश भी बैठे थे। छतरपुर से बस आगे बढ़ी तो बस में सवार तीनों बदमाशों ने असलहा निकाल लिया। वह बस में सवार यात्रियों से लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर दबंगों ने बस कंडक्टर को मारपीट कर सवारियों से किराए की वसूली गई रकम लूट ली। बस में सवार महावीर ने बताया कि बदमाशों के हाथ में असलहा देख यात्री विरोध करने का साहस नहीं कर सके। बदमाशों ने उसकी जेब से भी 150 रुपये छीन लिए। महावीर की मानें तो बदमाश करीब दस यात्रियों से लूटपाट कर बरई नाले के पास बस रुकवाकर भाग निकले। चूंकि बस चालक व कंडक्टर को हर दिन उसी रूट पर बस लेकर आना-जाना रहता है। इसलिए उन्होंने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। अंतू एसएसआई का कहना है कि बस में लूटपाट व मारपीट की घटना सरासर गलत है। घटनास्थल पर छानबीन में कुछ भी नहीं मिला। यह केवल अफवाह फैलाई गई है। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।