घरेलू कलह से परेशान विवाहिता ने ट्रेन से कटकर दी जान
काफी दिनों से चल रहा था परिवार में बंटवार का विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। घरेलू कलह से परेशान विवाहिता ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। इससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखकर परिजन बिलख पड़े। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के सहिजनी ग्राम सभा में रामकृष्ण तिवारी के यहां पिछले 15 दिनों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हो रहा था। रामकृष्ण के पांच बेटे हैं। दूसरे नंबर के बेटे अखिलेश तिवारी की तीन बेटियां हैं। हिस्सेदारी को लेकर परिवार में आए दिन विवाद होता रहता है। अखिलेश कानपुर में अपने परिवार को लेकर किसी तरह जीवनयापन करता था। अभी कुछ दिन पूर्व घर में जमीन-जायदाद के बंटवारे के लिए गांव आया था। परिवार में हिस्सेदारी को लेकर इस दौरान विवाद काफी बढ़ गया। इसके चलते अखिलेश तिवारी की पत्नी सिया तिवारी (45) गुस्से में अपना आपा खो बैठी और रविवार को मानिकपुर स्टेशन के पूर्वी आउटर के समीप ट्रेन से कटकर अपनी जान दे दी। मृतका की तीन बेटियां हैं। इसमें कामिनी की शादी कानपुर में हो चुकी है। दूसरे नंबर की संजना (17) और तीसरे नंबर की पुत्री स्मिता (11) हैं। सिया का मायका मानिकपुर क्षेत्र के ही केशवपुर ग्राम सभा में है।
पुलिस नहीं दर्ज कर रही किशोरी के गायब होने की रिपोर्ट
बाबागंज (ब्यूरो)। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के साडा हर्षपुर निवासी लालती देवी गौतम पत्नी गगन गौतम की 16 वर्षीय पुत्री तीन दिन पहले रात को गायब हो गई थी। इस पर लालती देवी ने थाने में गांव के ही देवेंद्र सरोज पुत्र दूधनाथ पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की तहरीर दी थी। उसका कहना था कि काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। तहरीर देने के 3 दिन बाद भी संग्रामगढ़ पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की। उधर, आरोपी के परिजन पीड़िता को लगातार कार्रवाई करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। इस संबंध में संग्रामगढ़ एसओ राकेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। परिजन किशोरी के नाबालिग होने का सबूत दें तो रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।
बच्चों के विवाद में चले लाठी-डंडे, आधा दर्जन से अधिक घायल
परियावां (ब्यूरो)। बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इसमें आधा दर्जन से अधिक लोग चोटिल हो गए। दोनो पक्षों से तहरीर थाने में दी गई है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के परियावां गांव निवासी शरीफ अहमद ने शनिवार की रात नवाबगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि बच्चों के विवाद में अंसार पुत्र सज्जाद सद्दाम पुत्र निसार अजमेरी पुत्र निसार ने लाठी-डंडे से लैस होकर मारपीट की। इसमें हसीनाबानो, खलील अहमद व सब्बू को चोटें आई। वहीं दूसरे पक्ष से सलमा खातून पत्नी अंसार अहमद ने रब्बू पुत्र शब्बू, मन्नान पुत्र अब्बुल, मसरूर पुत्र शरीफ के खिलाफ तहरीर दी है। उसका कहना है कि मारपीट में सोफिया पत्नी निहात, सुफियान पत्नी अंसार, रहनुमा पत्नी नियाज, सरदार पुत्र अज्ञात को गंभीर चोटें आईं। नवाबगंज पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर दोनों पक्षों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा।