बंद मकान का ताला तोडक़र लाखों की चोरी
जेवरात, वाशिंग मशीन समेत कीमती सामान मैजिक डाला पर लादकर उठा ले गए चोर
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। बंद मकान का ताला तोडक़र लाखों रुपये के जेवरात व कीमती सामान चोर उड़ा ले गए। पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर घरवाले पहुंचे। देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। सूचना के बाद पहुंची पुलिस छानबीन के बाद लौट गई।
नगर कोतवाली के कादीपुर पूर्वी सहोदरपुर में जेठवारा निवासी नन्हें मकान बनवाकर परिवार के साथ रहता है। रमजान के चलते रविवार को परिवार के लोग मकान में ताला बंद कर पैतृक घर चले गए थे। सोमवार की सुबह बाहर की लाइट बंद करने के लिए पड़ोसी सनाउल्ला पहुंचे तो हैरत में पड़ गए। दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अनहोनी की आशंका में नन्हे के पास फोन कर घटना की जानकारी दी। परिवार के लोग पहुंचे तो दंग रह गए। देखा तो करीब दो लाख रुपये के जेवरात, वाशिंग मशीन, एसी का स्टेब्लायजर समेत अन्य कीमती सामान चोर मैजिक डाला पर लादकर चंपत हो गए थे। चोरी की लोगों को भनक तक नहीं लगी। सूचना के बाद डायल 100 मौके पर पहुंची और छानबीन के बाद लौट गई। इसके पहले भी चोर भंगवा निवासी कफील के घर का ताला तोडक़र कीमती सामान समेट ले गए थे। इसी गांव के आभूषण विक्रेता की दुकान का शटर तोडक़र लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के बाद पुलिस अभी तक चोरों को पकडने में नाकाम रही।
जेल में बन रही लूट, रंगदारी व हत्या की योजना
टाइनी शाखा लूटने के लिए आया बदमाश गिरफ्तार, पूछताछ में किया खुलासा
जेल में बंद कुख्यात बदमाश करा रहे वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जिला कारागार में निरुद्ध बदमाश लूट, हत्या व रंगदारी मांगने की योजना बना रहे हैं। इसका खुलासा पुलिस के हाथ लगे बदमाश ने किया है। उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
नगर कोतवाल ने सोमवार शाम करीब चार बजे भैरोपुर रामलीला मैदान के पास से लूट की योजना बना रहे मोहम्मद शहनवाज पुत्र रियासत अली निवासी महुआर को दबोच लिया। जबकि उसका साथी भागने में कामयाब रहा। उसके पास से असलहा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि जेल में निरुद्ध रियाजुल के कहने पर वह लूट की घटनाओं को अंजाम देता है। जेल में निरुद्ध रियाजुल ने उसके पास फोन कर पूर्व विधायक हरि प्रताप सिंह के आवास के पीछे स्थित टाइनी शाखा को लूटने के लिए कहा था। टाइनी शाखा लूटने के लिए वह अपने साथी आरिफ अली पुत्र वारिस अली उर्फ लल्ला निवासी महुआर के साथ खड़ा था। दोनों टाइनी शाखा जाकर लूटने की तैयारी में थे। तभी पुलिस के हाथ लग गए। पुलिस ने रियाजुल के खिलाफ साजिश रचने का मुकदमा दर्ज किया है। जबकि आरिफ फरार चल रहा है। नगर कोतवाल की मानें तो जेल में निरुद्ध रियाजुल व जैद हत्या, लूट व रंगदारी की साजिश रचते हैं। नए लडक़ों को ऐसी घटनाओं को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल करते हैं।
एसडीएम रानीगंज के चालक ने ढाबा संचालक पर झोंका फायर
रामापुर ढाबे पर हुई घटना, बाजार में सनसनी
मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को लिया हिरासत में
अमर उजाला ब्यूरो
गौरा। एसडीएम रानीगंज के सरकारी वाहन चालक ने ढाबा संचालक के ऊपर मामूली कहासुनी के दौरान फायर झोंक दिया। रामापुर ढाबे पर हुई घटना से बाजार में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए रिवाल्वर को कब्जे में ले लिया। ढाबा संचालक ने चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
फतनपुर थाना क्षेत्र के रामापुर बाजार के करीब उमाशंकर यादव ने रौनक ढाबा खोल रखा है। सोमवार दोपहर ढाबे पर एसडीएम रानीगंज का सरकारी वाहन चालक कल्पनाथ पहुंचा। ढाबे पर बातचीत के दौरान किसी मामले को लेकर ढाबा संचालक उमाशंकर व कल्पनाथ के बीच कहासुनी होने लगी। विवाद बढने पर चालक कल्पनाथ ने लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल ली। अभी लोग कुछ समझ पाते कि उसने उमाशंकर के ऊपर दो फायर झोंक दिए। हालांकि उमाशंकर काउंटर के नीचे बैठ गया। जिससे बाल-बाल बच गया। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। फायरिंग से बाजार में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते लोगों का जमघट लग गया। सूचना मिलने पर फतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेने के बाद मौके से रिवाल्वर व खोखा बरामद कर लिया। इस मामले में ढाबा संचालक ने पुलिस को तहरीर दी। फतनपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिली है। चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। अधिकारियों को चालक के करतूत की रिपोर्ट भेजी गई है।
इनसेट------
अक्सर रामापुर बाजार में होता था उठना-बैठना
एसडीएम रानीगंज के सरकारी वाहन चालक कल्पनाथ का रामापुर बाजार में बराबर उठना-बैठना होता था। वह उमाशंकर के ढाबे पर भी बैठता था। एसओ ने बताया कि कल्पनाथ सोमवार को नशे की हालत में भी था। उसकी पत्नी स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ नर्स है। जिसके चलते इलाके के लोग भी उससे परिचित हैं।