युवक को गोली मारने वालों पर मुकदमा
20 दिन बाद पीड़ित ने दी पुलिस को तहरीर, 6 नामजद व तीन अज्ञात पर हमले का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। बीस दिन पहले शहर के पल्टन बाजार में युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने 6 नामजद व तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
नगर कोतवाली के पल्टन बाजार निवासी लल्लू सोनी को घर के करीब गुलशने मदीना मस्जिद मोड़ पर बाइक सवार अज्ञात लोगों ने 30 अप्रैल को गोली मार दी थी। गोली मारने के बाद हमलावर बाइक से भाग निकले थे। घायल लल्लू को उपचार के लिए एसआरएन ले जाया गया। हालत ठीक होने पर वह कुछ दिनों पहले घर लौटा। रविवार को लल्लू ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि सैफी, फैजू, बाबर, अमजद, राजन, शाहरुख व तीन अज्ञात ने रंजिश में उसे गोली मारी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। नगर कोतवाल ने बताया कि आरोपियों को पहले चिह्नित किया जा चुका है। उनकी तलाश में दबिश दी गई थी, लेकिन घर वह छोड़कर फरार हैं। लल्लू सोनी के करीबी लोगों से पुरानामाल गोदाम रोड के रहने वाले राजन व बाबर से रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया था। राजन व बाबर की मदद करने पहुंचे लोगों को लल्लू पक्ष के लोगों ने मारापीटा था। जिसका बदला लेने के लिए घटना हुई थी। नामजद आरोपियों की तलाश के साथ ही अज्ञात हमलावरों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। हमला करने वालों में पुराना मालगोदाम रोड संग कादीपुर महुआर के रहने वाले आरोपी शामिल हैं।
एसडीएम के स्टेनो समेत दो कर्मचारियों पर एससीएसटी और छिनैती का केस
सदर तहसील में हुई मारपीट के मामले में वकील की तहरीर पर पुलिस ने की कार्रवाई
घटना में पहले पुलिस ने जूनियर बार एसोसिएशन के महामंत्री पर दर्ज की थी रिपोर्ट
महामंत्री पर दर्ज की थी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। सदर तहसील में गत दिनों हुए विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब एसडीएम सदर के स्टेनो समेत दो कर्मचारियों के खिलाफ हरिजन एक्ट व लूट की रिपोर्ट नगर कोतवाली में अधिवक्ता ने दर्ज कराई है। जबकि पहले ही कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने जूनियर बार एसोसिएशन के महामंत्री व चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।
सदर तहसील में 16 मई को कर्मचारियों और जूनियर बार एसोसिएशन के महामंत्री शेष बहादुर सिंह में मारपीट हो गई थी। इस दौरान परिसर में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया था। इस मामले में तहसील में कंप्यूटरकर्मी अरविंद चौधरी की तहरीर पर पुलिस ने महामंत्री शेषबहादुर सिंह समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस प्रकरण में नगर कोतवाली के पश्चिमी सहोदरपुर निवासी अधिवक्ता गुलाबचंद्र गौतम ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी कि वह 16 मई को सदर तहसील गए थे। जहां अरविंद चौधरी की तलाश कर रहे थे, लेकिन वह अपने कार्यालय में नहीं मिले। कुछ देर बाद एसडीएम सदर के स्टेनो वशिष्ठ और दूसरे कर्मचारी शक्ति सिंह पहुंचे। उन लोगों ने उसके साथ मारपीट करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालीगलौज की। उसकी जेब से तीन सौ रुपये भी छीन लिए। जूनियर बार एसोसिएशन के महामंत्री शेष बहादुर सिंह के बीचबचाव पर उनकी जान बची। पुलिस ने स्टेनो वशिष्ठ व शक्ति सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। नगर कोतवाल ने बताया कि अधिवक्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई विवेचना के बाद होगी।
फोटो-
महुली मंडी में घुसा ट्रक, मचा हड़कंप
खबर मिलते ही मंडी पहुंचे सपा-बसपा व भाजपा समर्थक, चालक-खलासी को दबोच लाई पुलिस
खाद्यान्न लादने जा रहा था भुपियामऊ, रास्ते में मंडी निरीक्षक ने पकड़ा था
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। रविवार आधी रात को महुली मंडी में ट्रक घुसने पर हड़कंप मच गया। हल्ला मचा कि ईवीएम लेकर ट्रक मंडी पहुंचा है। जिसे स्ट्रांग रूम की रखवाली कर रहे प्रत्याशियों के समर्थकों ने रोक लिया है। खबर तेजी से फैली तो बड़ी संख्या में भाजपा, सपा व बसपा समर्थक भी मंडी पहुंच गए। हंगामे की खबर मिलने पर पहुंची पुलिस ट्रक चालक व खलासी को अपने साथ उठा ले गई। हर कोई मंडी निरीक्षक को खरीखोटी सुनाने लगा।
हुआ यूं कि रविवार की रात मदाफरपुर से ट्रक पर गेहूं लादकर एक ट्रक भुपियामऊ की ओर जा रहा था। वहां से भी उसे गेहूं लादना था। ट्रक चालक राकेश यादव को कुसमी के आगे ही मंडी निरीक्षक अनिरुद्ध कुमार ने रोक लिया। इसके बाद उसे लेकर महुली मंडी लौटे। आधी रात को ट्रक महुली मंडी में घुसते देख परिसर में ईवीएम की रखवाली कर रहे सपा-बसपा और भाजपा के समर्थक अनहोनी की आशंका के चलते रोकने के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने ट्रक को रोक लिया। लोग चालक से ट्रक लेकर आने का कारण पूछने लगे। तभी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी व अर्द्धसैनिक बल के जवान भी आ गए। यह देख पहले खलासी बाहर की ओर भाग निकला। चालक राकेश को कुछ लोगों ने सही जवाब न देने पर पीट दिया। जिसके बाद वह भी बाहर भाग गया। समर्थकों ने प्रत्याशी व दलों के नेताओं को ट्रक भीतर घुसने व उस पर ईवीएम लदी होने की जानकारी दी। जिससे सियासी गलियारे के साथ ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में भाजपा और बसपा प्रत्याशी के समर्थक पहुंच गए। सपा के जिला उपाध्यक्ष इरशाद सिद्दीकी भी पहुंचे। लोगों ने ट्रक भीतर लाने वाले मंडी निरीक्षक को जमकर खरीखोटी सुनाई। कुछ देर बाद चिलबिला चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी पहुंचे और ट्रक को कब्जे में लिया। चालक व खलासी को पूछताछ के लिए कोतवाली उठा लाए। नगर कोतवाल ने बताया कि मंडी निरीक्षक की गलती से फर्जी अफवाह फैली।