पट्टी। आसपुर देवसरा इलाके के मोलनापुर गांव में रंजिश में दरवाजे पर सो रहे व्यक्ति से चाकू से हमला कर दिया गया। इधर पट्टी कोतवाली के वीरापुर खुर्द गांव में निर्माण का विरोध करने पर पड़ोसियों ने दरवाजे पर चढ़कर लूटपाट की तथा तमंचे से फायर किया। पुलिस ने इन मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
आसपुर देवसरा गांव के मोलनापुर निवासी सुरेशचंद्र का आरोप है कि उनकी पड़ोसी रमाशंकर से पुरानी रंजिश है। शनिवार रात आठ बजे वह अपने दरवाजे पर चारपाई पर सो रहे थे। अचानक आए रमाशंकर ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। शोर पर हत्या की धमकी देते हुए भाग निकला। परिजन घायल सुरेश को इलाज के लिए ले गए। फिर पीड़ित ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसी तरह ममता पुत्री सुभाषचंद्र बर्नवाल निवासी रामगंज को जमीन की रंजिश में श्रवण कुमार, वंदना, दुर्गेश व राजदेई ने पीटकर घायल कर दिया। उसके कपड़े फाड़ने के साथ पिता की भी पिटाई की गई। पीड़ित की तहरीर पर छेड़छाड़ व मारपीट का मामला दर्ज किया गया है।
जबकि कोतवाली पट्टी के वीरापुर खुर्द निवासी दिनेश सिंह का आरोप है कि गांव के रामप्रताप जबरन उनकी जमीन पर निर्माण कर रहे थे। उनके विरोध पर रामप्रताप, शिवराम व दो अन्य उनके दरवाजे चढ़ आए और मारपीट कर दो हजार नगदी, जेवर लूट लिए तथा तमंचे से फायरिंग भी की। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर लूट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। इसी तरह कोतवाली के महोखरी गांव आशा देवी के रुपये चुराने की शिकायत पर मारपीट के मामले में आशोक व राजेश पाठक तथा सदहा गांव में सुभाष उपाध्याय को रास्ते के विवाद में पिटाई पर राम किशोर व जगन्नाथ को पुलिस ने दबोचा चारों का शांति भंग में चालान किया गया है।