लालगंज इलाके में हाईवे पर रात करीब दस बजे सेल्समैन से तमंचे के बल पर बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने तीस हजार रुपये लूट लिए। बेकरी के सामनाें की सप्लाई कर सेल्समैन डिलीवरीवैन से शहर लौट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस जांचकर लौट गई।
मंगलवार को शहर स्थित आंनद बेकरी की डिलीवरी वैन से गोंडा निवासी सेल्समैन रिंकू लालगंज इलाके में सामानों की सप्लाई करने गया था। दुकानाें पर सामानाें की सप्लाई व नकदी वसूल कर सेल्समैन डिलीवरी वैन से लौट रहा था। लालगंज कोतवाली इलाके में लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर हंडौर तिराहे पर तीन बाइक पर सवार आधा दर्जन बदमाशाें ने चालक को तमंचा दिखा डिलीवरी वैन को रुकवा दी। डिलीवरीवैन में आगे बैठे सेल्समैन रिंकू की कनपटी पर तमंचा सटाकर तीस हजार नकदी लूट ली। बदमाशाें ने चालक व सेल्समैन का मोबाइल भी लूट लिया। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश ढकवा की ओर भाग निकले। हाईवे पर सरेराह सेल्समैन से लूट की घटना से सनसनी फैल गई। लोगों की सूचना पर सौ नंबर पुलिस पहुंची। कुछ देर बाद कोतवाल भी आ गए। सेल्समैन से पूछताछ की औपचारिकता पूरी कर पुलिस लौट गई। घटना से भयभीत सेल्समैन पुलिस को तहरीर दिए बिना शहर लौट गया। कोतवाल ने बताया कि लूट की घटना की जानकारी मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।