मैजिक चालक की हत्या में पुलिस ने पशु कारोबारी समेत तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एक कारोबारी को हिरासत में ले लिया है। मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस ने पीपरपुर के खजूरी में दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला। उधर, पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। 24 घंटे बाद भी मौका-ए-वारदात पर अंतू पुलिस ने जाना उचित नहीं समझा।
अंतू थाना क्षेत्र के नरिया निवासी राम कृपाल दुबे मैजिक से जैतीपुर कठार निवासी पशु कारोबारी वाहिद के मवेशियों को बाजारों में बेचने के लिए ले जाते थे। काम कृपाल मंगलवार की सुबह वाहिद के घर से मवेशी लेकर चंद्रिकन बाजार गया था। शाम को मवेशी लेकर जैतीपुर कठार लौटा और विवाद हो गया। बेटे शुभम ने तहरीर में कहा, उसके पिता दोनों तरफ का किराया मांग रहे थे। पशु कारोबारी एक तरफ का किराया दे रहा था। इसे लेकर हुई तकरार के बाद वाहिद के भांजे बबलू निवासी खजुरी थाना पीपरपुर जनपद अमेठी ने गोली मारकर हत्या कर दी। जिला अस्पताल पहुंची पुलिस ने वाहिद को हिरासत में ले लिया था। मृतक के बेटे शुभम की तहरीर पर पुलिस ने वाहिद, जाहिद और बबलू के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज विवेचना शुरू कर दी। उधर, पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की शाम राम कृपाल का शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। बवाल की आशंका को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात रही। सनसनीखेज घटना के बाद भी अंतू पुलिस 24 घंटे के बीच घटनास्थल का निरीक्षण करना भी मुनासिब नहीं समझा। एसओ अंतू संजय यादव ने बताया कि मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस टीम खजुरी गई थी लेकिन वह नही मिला। किसी को हिरासत में नही लिया गया है।
इनसेट------
रात में ही भाग निकली कोहड़ौर पुलिस
अंतू थाना क्षेत्र के जैतीपुर कठार में मैजिक चालक राम कृपाल की हत्या के बाद अधिकारियों ने प्रकरण को गंभीरता से नहीं लिया। अंतू पुलिस के अलावा कोहड़ौर पुलिस को जैतीपुर कठार में तैनात कर दिया। आशंका थी कि कहीं घटना के विरोध में अराजकतत्व शरारत न कर दें। अफसरों के निर्देश के बाद भी रात दस बजे कोहड़ौर पुलिस ने गांव छोड़ दिया। कुछ देर बाद अंतू थाने के दो सिपाही भी वहां से चले गए।
इनसेट-----
घरों में लटकता रहा ताला, महिलाएं भी फरार
जैतीपुर कठार में मैजिक चालक की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपियों के घर में ताला लटक रहा है। महिलाएं घर छोड़कर फरार हैं। आसपास के लोग कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं।
इनसेट-----
बेटों के आने के बाद आज होगा अंतिम संस्कार
अंतू थाना क्षेत्र के नरिया निवासी राम कृपाल की गोली मारकर हत्या के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं। बुधवार की शाम शव घर पहुंचा। इसके बाद परिजन रोते बिलखते रहे। मृतक के बेटे विकास व सुभाष गुजरात में रहते हैं। पिता की हत्या की खबर मिलते ही दोनों बेटे घर के लिए रवाना हो गए। उनके आने के बाद ही बृहस्पतिवार को अंतिम संस्कार होगा। गड़वारा पुलिस चौकी प्रभारी शव पहुंचने के बाद गांव पहुंच गए।