लखनऊ से बोलेरो लूटकर भागे दो लुटेरों के करीबियों पर पुलिस शिकंजा कसने की तैयारी में है। लुटेरों ने अपने मोबाइल से जिन लोगों से बातचीत की होगी। उन लोगों से पुलिस सख्ती से पूछताछ करेगी। मामले की जांच के लिए पुलिस शकूहाबाद पहुंची, लेकिन यहां कोई सबूत नहीं मिल सके।
कंधई थाना क्षेत्र के रतनमई जंगल में रविवार को लखनऊ से बोलेरो लूटकर भागे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। इसमें पुलिस ने दो बदमाशों को दबोच लिया था। कंधई के करनपुर खूझी के रहने वाले बदमाश शुभम को गोली लगी थी। जबकि गहरीचक निवासी एजाज को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा था। घटना में शामिल लालगंज कोतवाली के शकूहाबाद निवासी शातिर बदमाश हफीक व नजीब भागने में कामयाब हो गए थे। पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ के बाद फरार बदमाशों के मोबाइल नंबर मिले थे। उन नंबरों की कॉल डिटेल निकालने के बाद पुलिस बातचीत करने वाले लोगों का ब्योरा तलाश रही है ताकि ऐसे लोगों के साथ सख्ती से पेश आए। इससे फरार लुटेरे पुलिस की पकड़ में आ सके। बुधवार को शकूहाबाद के जंगलों में स्वाट टीम व कंधई पुलिस फरार बदमाशों के करीबियों पर कार्रवाई के लिए पहुंची, लेकिन उसे वहां से खाली हाथ लौटना पड़ा। एएसपी पूर्वी पूर्णेंदू सिंह ने बताया कि लुटेरों ने जिन लोगों से बात की थी, उनसे पूछताछ होगी। मदद करने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।