पट्टी। आसपुर देवसरा के भौसरनपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर जमकर लाठी-डंडे व धारदार हथियार चले। मारपीट में पूर्व प्रधान के दो बेटे व बेटी घायल हो गई। पुलिस ने इस मामले में चार के विरुद्ध बलवा समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। इधर कोतवाली के मझौली गांव में भी मेड़ तोड़ने पर हुई मारपीट में आधा दर्जन लोग चोटिल हो गए।
देवसरा इलाके के भौसरनपुर निवासी राम प्रसाद पूर्व प्रधान हैं। उनका पड़ोसी छोटेलाल से आबादी की जमीन का विवाद है। रविवार सुबह आठ बजे विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर छोटेलाल, जितेन्द्र, वीरेन्द्र समेत अन्य लोगों ने उनके दरवाजे पर लाठी डंडा व धारदार हथियार से लैस होकर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान रामप्रसाद के पुत्र अनिल, शैलेश, बेटी वंदना व राम प्रसाद भी घायल हो गए। दोनों बेटों के सिर पर गहरी चोटें के चलते उन्हें सीएचसी अमरगढ़ से जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के विरुद्ध बलवा समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। इधर कोतवाली के मझौली गांव निवासी लाल बहादुर व दिनेश पड़ोसी है। उनके बीच चक के मेड़ को लेकर विवाद है। मेड़ तोड़ने पर दोनों पक्ष लाठी डंडा लेकर आमने सामने हो गए। मारपीट में दुर्गावती, चंद्रावती, कुलदीप व प्रमोद को चोटें आई हैं। जबकि दूसरे पक्ष से संगीता, दिनेश, मुकेश व दुर्गेश भी घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मारपीट का मामला दर्ज किया है।
जमीन के विवाद में प्रधान पुत्रों पर धारदार हथियार से हमला, रिपोर्ट
मझौली में भी जमीन को लेकर चले लाठी-डंडे, आधा दर्जन घायल
अमर उजाला ब्यूरो