दो घरों से नकदी, सामान समेत 20 लाख की चोरी
एक घर में जंगला तोडक़र तो दूसरे में सीढ़ी लगाकर अंदर घुसे चोर
अमर उजाला ब्यूरो
परियावां। एक ही रात में चोरों ने दो घरों में घुसकर लगभग चार लाख की नकदी समेत लाखों के जेवर उठा ले गए। सुबह इसकी जानकारी परिजनों को घर में बिखरे सामान की वजह से हुई। इस पर परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। दोनों पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कोराली भदौरियन का पुरवा निवासी कैलाश सिंह भदौरिया पुत्र प्रहलाद सिंह पूर्व प्रधान हैं। शनिवार की रात में चोर घर का जंगला काटकर अंदर घुस गए। इसके बाद घर में रखा एक लाख अस्सी हजार रुपये की नदकी व सोने चांदी के आभूषण जिसकी कीमत लगभग चार लाख रुपये बताई जा रही है उठा ले गए। घटना की जानकारी परिजनों को लगभग दो बजे भोर में हुई। इस पर घटना की सूचना 100 डायल सहित नवाबगंज पुलिस को दी गयी। इसी रात थाना क्षेत्र के ही वाजिदपुर निवासी सूरज तिवारी पुत्र सीताराम तिवारी के यहां भी चोरों ने बगल के मकान से सीढ़ी लगाकर घर के अंदर घुस गए। इसके साथ ही तीन कमरों की आलमारी का ताला तोड़ डाला। इसके बाद कमरों में रखे लगभग दो लाख की नगदी दो किलो चांदी व तीस तोला सोना जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी जा रही है उठा ले गए। सुबह घर का सामान बिखरा देख परिजनों के होश उड़ गए। जानकारी पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। घटना की तहरीर नवाबगंज थाने में वाजिदपुर से सूरज तिवारी व भदौरियन का पुरवा से कैलाश सिंह ने दी है।
विद्यालय में पानी भरा होने से पठन पाठन में हो भारी दिक्कत
परियावां (ब्यूरो)। कालाकांकर विकास क्षेत्र के शेख मोहम्मदपुर के प्राथमिक विद्यालय में भारी बारिश के चलते जल जमाव हो गया है। इससे आए दिन बच्चे फिसलकर गिर रहे हैं। इन दिनों भारी बारिश चलते क्षेत्र में लगभग हर जगह जलजमाव की समस्या बनी हुई है। वहीं प्रशासन इस समस्या को लेकर तनिक भी गंभीर नहीं है। शेखमोहम्मद पुर प्रधान मनोज सरोज का कहना है कि इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों सहित तहसील प्रशासन को भी दी गई है लेकिन जलजमाव को लेकर अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है। इसी तरह से इसी तरह से शेर वानीपुर प्राथमिक विद्यालय व उच्च प्राथमिक विद्यालय के परिसर में पानी भरा हुआ है। इससे अध्यापकों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फोटो- 33
जीर्ण-शीर्ण छात्रावास में रहने को मजबूर हैं अनुसूचित जाति व जनजाति के छात्र
रंगाई पुताई के साथ ही बिजली और फर्नीचर भी टूटे
अमर उजाला ब्यूरो
परियावां। समाज कल्याण विभाग से लाखों की लागत से बनवाया गया छात्रावास जीर्ण शीर्ण हालत में हैं। इसमें रहने वाले छात्रों को बिजली की टूटी वायरिंग के साथ ही टूटे हुए फर्नीचर से ही काम चलाना पड़ रहा है। यहां तक कि इसकी रंगाई पुताई भी हुए कई साल हो गए हैं। चौकीदार के न होने से भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कालाकांकर विकास खंड के पास स्थित मदन मोहन मालवीय विद्यालय में पढने वाले अनुसूचित जाति जनजाति के लिए छात्रावास का निर्माण हुआ था। इस समय यह अपनी बदहाली पर रो रहा है। हालांकि इसमें इस समय 48 छात्र निवास कर रहे हैं लेकिन सुविधाओं के नाम पर उन्हें सिर्फ अपनी व्यवस्था से ही काम चलाना पड़ रहा है। छात्रावास की जिम्मेदारी एडीओ नंदलाल के पास है। हास्टल में शौचालय, पानी, बिजली की समस्या होने के साथ ही फर्नीचर भी टूटा पड़ा है। जगह-जगह विद्युत वायरिंग उखड़ गई है। इसमें रहने वाले छात्र सौरभ सोनकर, मंजुल कुमार, विमल कुमार, कुंवर सिंह, सुनील कुमार गौतम, आशीष कुमार, नवीन कुमार, दीपक कुमार, सुजीत कुमार आदि का कहना है कि वह जब भी इन समस्याओं के बारे में वार्डन नंदलाल को बताते हैं वह उसे अनसुनी कर देते हैं। हास्टल में हम भगवान भरोसे रहने को मजबूर हैं। कई वर्षों से हॉस्टल की रंगाई पुताई और मरम्मत कार्य नहीं करया गया। छात्रों ने जिलाधिकारी व जिला समाज कल्याण अधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए हास्टल की दशा सुधारने की मांग की है। इस बारे में वार्डन नंदलाल ने बताया कि लडक़े ही सारा फर्नीचर तोड़ दिए हैं। चौकीदार के संदर्भ में जिला समाज कल्याण अधिकारी से मांग की गई है लेकिन अभी किसी की तैनाती नहीं हो सकी है।
अंतर्जनपदीय दंगल प्रतियोगिता 11 को
बाबागंज (ब्यूरो)। कुंडा तहसील के हंस ज्ञान अखाड़ा नयापुरवा हीरागंज में पूर्व प्रसिद्ध पहलवान स्व समर बहादुर सिंह की पुण्यतिथि पर अंतर्जनपदीय दंगल प्रतियोगिता का आयोजन 11 सितंबर को किया गया है। इसमें प्रदेश भर के पहलवान हिस्सा लेंगे। यह जानकारी आयोजक अंजनी सिंह ने दी है।
फोटो- 41
युवाओं को समझाकर शांतिपूर्ण ढंग से त्यौहार मनाने की जिम्मेदारी निभाएं बुजुर्ग
नई परम्पराओं का न हो जन्म, सहयोगी बनकर प्रशासन करेगा मदद
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा/बाबागंज। त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए बुजुर्गों को जिम्मेदारी निभानी होगी। वह युवाओं को समझाकर ऐसी परिस्थिति न पैदा होने दें जिससे परेशानी खड़ी हो। नई परम्पराओं को जन्म न देते हुए अफवाहों को खंडन करें। यह बातें कुंडा कोतवाली में एडिशनल एसपी शिवाजी शुक्ला ने पीस कमेटी की बैठक में कहीं। उन्होंने कहा कि प्रशासन सहयोगी बनकर उनकी मदद करेगा। सीओ राधेश्याम ने कहा कि वह किसी भी तरह की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए काम करेंगे। मोहर्रम के जुलूस के लिए सभी रास्ते का निरीक्षण करके उसे सुगम बनाने का प्रयास किया जाएगा। तहसीलदार रामजनम ने सभी को छोटी-छोटी बातों पर ध्यान न देकर त्यौहार की गरिमा को समझने और उसे उसी तरीके से मनाने की बात कही। संचालन करते हुए वसुंधरा संस्थाध्यक्ष राजेश प्रभाकर सिंह ने कहा कि वह लोग कुंडा क्षेत्र से कोई भी ऐसी शिकायत नहीं होने देंगे जिससे क्षेत्र की गरिमा को ठेस लगे। बैठक में कोतवाल एके मिश्र, पूर्व चेयरमैन शिवकुमार त्रिपाठी, बबलू सिंह, प्रधान संघ के मंडल अध्यक्ष ध्यानी सिंह, भुट्टा हाफिज, अखिलेश यादव, छेदी यादव, फंसादी सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। उधर महेशगंज थाने में आयोजित बैठक में थानाध्यक्ष दीनदयाल सिंह ने ताजियादारो और मिश्रित गांव के आबादी वाले गांव के प्रधानों को संबोधित करते हुए कहा कि त्यौहार को मिल-जुलकर मनाएं। कोई ऐसा काम ना करें जिससे किसी की भावना आहत हो। कोई भी नई परंपरा त्यौहार में नहीं शुरू की जाएगी। जहां तक धार्मिक झंडे लगाए जाते थे वहीं पर झंडे लगाए जाएंगे। विवाद की सूचना सबसे पहले पुलिस को दी जानी चाहिए। इस दौरान ब्लाक प्रमुख पंकज सिंह, एसआई रमेश सिंह, अवधेश शर्मा, ग्राम प्रधान कुंवर मुन्नू सिंह, अरुण सिंह पप्पू, इरफान अहमद, रमेश तिवारी, कुलदीप पटेल, अन्नू सिंह, सीताराम सरोज आदि मौजूद रहे ।
फोटो- 6
पानी पीने के चक्कर में कुएं में कूद गई गर्भवती विक्षिप्त महिला
डेढ़ घंटे पानी में पड़ी रही, बाद में ग्रामीणों की मदद से निकाला गया बाहर
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। पानी पीने के चक्कर में विक्षिप्त महिला कुएं में कूद गई। इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो गांव के लोगों की भारी भीड़ मौके पर लग गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। कुछ देर तो किसी की हिम्मत ही नहीं कुंए में उतरने की पड़ी। बाद में एक युवक ने हिम्मत दिखाई और रस्सी के सहारे कुएं में उतरकर महिला को बाहर निकाला। इसके बाद उसे कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया गया।
मानिकपुर थाना क्षेत्र के अमिलहा मदार का पुरवा गांव निवासी सलमान रोजी रोटी के सिलसिले में बाहर रहता है। उसकी पत्नी सबीना और उसकी मां घर पर रहती हैं। पत्नी सबीना गर्भवती होने के साथ ही मानसिक रूप से बीमार चल रही है। अभी दो दिन पहले ही उसने रात में चारपाई में आग लगा दी थी। गांव के लोगों व उसकी सास ने किसी तरह से आग बुझाई थी। रविवार की सुबह महिला ने किसी से पानी मांगा। पानी न मिलने पर वह खेतों की तरफ गई और एक खुले कुएं में कूद गई। घटना देख रहे लोगों ने शोर मचाया तो भारी संख्या में गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों से जानकारी की तो पता चला कि वह करीब एक घंटे से कुंए में है। ग्रामीणेां को लग रहा था कि उसकी मौत हो गई है। हालांकि उसे निकालने के लिए फायर ब्रिगेड को फोन किया गया। गाड़ी आने में देरी होने पर बगल गांव के मौजलाल मौर्या ने कमर में रस्सी बांधकर ग्रामीणों की मदद से कुंए में उतरने का साहस दिखाया। इसके बाद उसने महिला को किसी तरह से बाहर निकाला। बाहर निकलने पर महिला ठीक हालत में मिली। इस पर उसे कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया गया। उधर मौजलाल मौर्या को पुलिस सहित ग्रामीणों ने पुरस्कृत किया। घटना के समय पूरे गांव में हडक़ंप मचा रहा।
बरसात से आधा दर्जन कच्चे मकान धराशाई
बाबागंज (ब्यूरो)। बाबागंज ब्लाक के पुरैली मकदूमपुर गांव में बरसात के कारण रामबोध पुत्र छेदीलाल, रामराज पुत्र छेदी, जमुना पुत्र विन्देश्वरी, सुरेश पुत्र गजाधर, रामसुमेर पुत्र झुरई के कच्चे मकान की दीवार मे सीलन के चढने गई थी। शनिवार की रात मकान के गिरने का सिलसिला शुरू हुआ तो पूरे गांव के लोग सहम गये। सुबह होने तक आधा दर्जन मकान जमीदोंज हो गये। ग्राम प्रधान राकेश धर द्विवेदी की सूचना पर हलका लेखपाल नवल किशोर सोनकर गांव पहुंचे और पीड़ितों को शासन से मदद दिलाने का भरोसा दिलाते हुए जांच रिपोर्ट तैयार की।