प्रतापगढ़। शहर के सदर बाजार चौराहे के करीब सोमवार दोपहर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने स्टेट बैंक की टाइनी शाखा से करीब 53 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने संचालक का मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लूट को संदिग्ध बताने लगी।
नगर कोतवाली क्षेत्र के सदर बाजार निवासी आशुतोष जायसवाल ने स्टेट बैंक से ग्राहक सेवा केंद्र पड़ाव वार्ड में खोल रखा है। सदर चौराहे से कुछ दूरी पर आशुतोष की टाइनी शाखा पर सोमवार को भी रुपये का लेनदेन हो रहा था। करीब तीन बजे रंजीतपुर चिलबिला निवासी महेश पाल पुत्र गंगाराम पाल करीब दस हजार रुपये निकालने पहुंचा था। वह रुपये निकालने के बाद उसे जेब में रखने जा रहा था। तभी दो नकाबपोश बदमाश आए। बदमाशों ने पिस्टल तान दी। एक बदमाश ने महेश के हाथ से 10 रुपये छीन लिए। काउंटर से रुपये देने में आनाकानी करते देख बदमाशों ने पिस्टल आशुतोष को सटा दी। जान संकट पर देख उसने गल्ले में रखे लगभग 43 हजार रुपये बदमाशों को थमा दिए। बदमाश भागने से पहले आशुतोष का मोबाइल क्षतिग्रस्त कर दिया। लूटपाट करने के बाद बदमाश बाइक से सदर चौराहे की ओर भाग निकले। पुलिस पूछताछ के बाद बदमाशों के भागने की दिशा में खोजबीन करने लगी लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा। प्रभारी नगर कोतवाल ने बताया कि टाइनी शाखा के आसपास रहने वाले लोग किसी को बाइक से भागते हुए नहीं देखा। पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।
टाइनी शाखा के संचालक आशुतोष जायसवाल की मानें तो बाइक सवार दोनों बदमाश रेलवे क्रासिंग की ओर से आए थे। वे अपना चेहरा गमछे से ढक रखे थे। बदमाशों को काउंटर में रुपये होने की जानकारी पहले से थी। जब आशुतोष ने रुपये न होने की बात कही तो बदमाशों ने कहा कि उन लोगों को मालूम है कि काउंटर में रुपये हैं। पुलिस लाइन के सई काम्पलेक्स में सोमवार को अपर प्रुिलस अधीक्षक पूर्वी रानीगंज में जून में हुई लूट का खुलासा कर रहे थे। खुलासे के दौरान ही दो बदमाशों ने टाइनी शाखा में लूट की घटना को अंजाम दे दिया। लूट की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस के साथ ही सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्वाट भी मौके पर पहुंचकर छानबीन करने लगी।