नगर कोतवाली इलाके में सोमवार रात युवक ने अवैध संबंध के शक में अपनी होने वाली पत्नी के चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब से युवती का चेहरा और शरीर कई जगह झुलस गया। घटना से हतप्रभ परिजन युवती को तत्काल जिला अस्पताल लेकर भागे, जहां उसकी हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने उसे इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। दोनों के बीच लंबे समय से अफेयर चल रहा था। 25 नवंबर को दोनों की शादी भी तय है।
नगर कोतवाली निवासी अजय कुमार पुत्र रामानंद की तीन बेटियां हैं। उसने अपनी बड़ी बेटी अंजली (20) का विवाह जनपद अंबेडकर नगर थाना भीटी के खजुरी निवासी राधेश्याम के बेटे राजकुमार से करने के लिए मंगनी कर दी थी। 25 नवंबर को शादी की तारीख भी पड़ गई थी। दोनों घरों में शादी की तैयारी भी चल रही थी। सोमवार की रात राजकुमार ने अपनी होने वाली पत्नी को मिलने के लिए घर के पीछे सुनसान स्थान पर बुलाया। अंजली अपनी छोटी बहन के साथ उससे मिलने के लिए रात 10.30 बजे घर से निकली। उस समय उसका पिता रिश्तेदारी में अंबेडकर नगर गया था। रेलवे क्रासिंग की ओर से आए मंगेतर राजकुमार ने देखते ही अंजली के चेहरे पर तेजाब फेक दिया। इससे वह झुलस गई और चीखते हुए घर की ओर भागी। आसपास के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल आए। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए इलाहाबाद रेफर कर दिया।
घटना के बाद आरोपी मंगेतर भाग निकला। चौकी प्रभारी मकंद्रूगंज अजीत शुक्ला ने बताया कि पीड़िता ने पूछताछ में बताया कि उसके मंगेतर को शक था कि उसका दूसरे से अवैध संबंध है। इसी को लेकर कई दिनों से वह नाराज चल रहा था। इस मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने राजकुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। चौकी प्रभारी आरोपी की तलाश में सुलतानपुर व अंबेडकर नगर में दबिश दे रहे हैं, लेकिन वह सभी ठिकानों से फरार है।