जिले में मुंबई और गुजरात से लगभग 15,000 लोग आने वाले हैं। यह लोग कब आएंगे और कैसे आएंगे, इस बात की जानकारी तो नहीं है, मगर जिला प्रशासन सभी लोगों को क्वारंटीन करने के लिए कालेजों का अधिग्रहण करने में जुटा हुआ है।
जिला प्रशासन सभी तहसीलों में तीन-तीन हजार लोगों को रोकने की व्यवस्था कर रहा है। बुधवार को डीएम ने न्यू एंजिल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बीडीएस और आत्रेय स्कूल का निरीक्षण कर अधिग्रहण करने का निर्णय लिया है।
लॉकडाउन में मुंबई, गुजरात, दिल्ली सहित अन्य प्रदेशों में फंसे लगभग पंद्रह हजार प्रवासी मजदूरों को जिले में लाने की तैयारी है। शासन स्तर पर इसकी तैयारियां चल रही हैं। जिले में आने पर 14 दिन क्वारंटीन करने और 14 दिन होम क्वारंटीन किया जाएगा।
वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से डीएम की हुई वार्ता के बाद जिला प्रशासन शहर के साथ ही अब तहसीलों के कॉलेजों का चयन कर रहा है। बुधवार को डीएम डा. रुपेश कुमार ने न्यू एंजिल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बीडीएस और आत्रेय स्कूल का निरीक्षण कर अधिग्रहण करने का निर्णय लिया है। इधर डीएम ने सभी एसडीएम को तीन-तीन हजार लोगों को क्वारंटीन करने के लिए कालेजों को अधिग्रहण करने को कहा है।
रानीगंज तहसील में 12 कालेज हुए अधिग्रहण
रानीगंज एसडीएम राहुल यादव ने बताया कि एसयू मेमोरियल इंटर कालेज दरियापुर, सदाशिव शिक्षण संस्थान खरहर, बालिका स्कूल भगेसरा, कुंती देवी डिग्री कालेज सरायसुल्तानी, रामचंद्र शुक्ल विधि डिग्री कालेज, विंध्यवासिनी बालिका इंटर कालेज, शिवकुमारी दुबे इंटरकालेज नौडेरा, डाल्फिन पब्लिक स्कूल दिलीपपुर, नरसिंह बहादुर इंटरकालेज दिलीपपुर, आईटीआई प्रेमधरपट्टी, साई बालिका इंटर कालेज लच्छीपुर का अधिग्रहण किया गया है।