प्रतापगढ़। जिला महिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को इलाज कराने आई एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी मिलते ही सीएमएस मौके पर पहुंचीं। महिला का सैंपल लेकर कोरोना जांच के लिए भेज दिया। परिजनों की जिद पर शव को एंबुलेंस से उसके घर भेजा गया।
नगर कोतवाली के चिलबिला की रहने वाली 27 वर्षीय महिला गर्भवती थी। शुक्रवार को वह परिवार के सदस्यों के साथ जिला महिला अस्पताल की ओपीडी में इलाज कराने आई थी। एकाएक वह गिर गई। उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। चिकित्सकों ने उसे इमरजेंसी में भर्ती कर इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। महिला सीएमएस ने टीम बुलाकर मृतक महिला का सैंपल लेकर जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सीएमएस रीना प्रसाद ने बताया कि परिवार के लोगों के दबाव के चलते शव को एंबुलेंस से घर भेजवा दिया गया।
ओपीडी में कोरोना का संदिग्ध मरीज मिलने से हड़कंप
रानीगंज। रानीगंज सीएचसी में प्रयागराज के मऊआइमा का रहने वाला एक कोरोना संदिग्ध चिकित्सक के बगल में जाकर बैठ गया। उसने चिकित्सक से बताया कि उसे खांसी के साथ बुखार की शिकायत है। कई दिनों से परेशान है। तत्काल एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल भेजा गया।
रास्ते के विवाद में दो पक्षों में मारपीट
मानधाता। रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। तरौल निवासी अरविंद गुप्ता का पड़ोसी हरिश्चंद्र से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। विवादित रास्ते को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। बात बढ़ी तो मारपीट हो गई। दोनों लोगों को चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया।
करंट की चपेट में आने से मां-बेटे झुलसे
प्रतापगढ़। करंट की चपेट में आने से मां-बेटे झुलस गए। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। रानीगंज थाना के भागीपुर निवासी अवधेश की पांच वर्षीय बेटी वैष्णवी खेलते-खेलते टेबल फैन के पास पहुंच गई। इस दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। उसे बचाने में उसकी मां सीमा देवी भी झुलस गई। परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
एआरएम ने कर्मचारियों को किया सम्मानित
प्रतापगढ़। मॉडल बस स्टैंड के एआरएम एमआर भारती ने शुक्रवार को रोडवेज बस स्टेशन पर कोरोना योद्धा के रूप में कर्मचारियों को सम्मानित किया। सबकी थर्मल स्क्रीनिंग कराई। इसके बाद प्रोत्साहित किया। एआरएम ने कहा कि कोरोना काल में रोडवेज के चालकों, परिचालकों सहित कर्मचारियों ने साहस व सेवाभाव से काम किया। सुरेशचंद्र पांडेय, एसपी सिंह, राजेंद्र यादव, ज्वाला प्रसाद, सुशील कुमार शर्मा, शिवाकांत मिश्र, चंद्र कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।