शहीद उद्यान के समीप कंटेनर में आग लगने के बाद सामान बाहर निकालते लोग। सोशल मीडिया
शहीद उद्यान के करीब जिला जज आवास के सामने बृहस्पतिवार भोर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से कंटेनर में आग लग गई। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। कंटेनर नोएडा से नमकीन और चिप्स लादकर आ रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर जैसे ही मोड़ से गुजरा। ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गया इससे निकली चिंगारी ने पलभर में पूरे कंटेनर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान कंटेनर चालक ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत नीचे कूदकर अपनी जान बचाई।
चालक ने लोगों को दूर हटने का इशारा भी किया जिससे किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। इससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड कर्मचारी दो टैंकर लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दमकल कर्मियों को लगभग आधे घंटे तक लगातार पानी का छिड़काव करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इस दौरान कंटेनर का केबिन, इंजन के पुर्जे और पीछे लदा सामान जलकर राख हो चुका था। आग से आसपास के बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए जिसके कारण इलाके में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही।
चालक मनोज ने बताया कि कंटेनर नोएडा स्थित सतमोला फैक्ट्री से नमकीन और चिप्स का सामान लादकर चिलबिला में आपूर्ति के लिए ले जा रहा था। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया जिससे अधिक नुकसान या किसी प्रकार की जनहानि नहीं हो सकी।
शहीद उद्यान के समीप कंटेनर में आग लगने के बाद सामान बाहर निकालते लोग। सोशल मीडिया