रामपुर खास विधायक आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि विधानसभा के मानसून सत्र में कांग्रेस पेपर लीक, अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी, खाद संकट और बिजली व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरेगी। बृहस्पतिवार को लालगंज में मोना ने कहा कि पेपर लीक गैर-राजनीतिक मुद्दा है। इससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। प्रधानमंत्री के फास्ट ट्रैक कोर्ट वाले बयान पर भी सवाल उठाए। मोना ने अयोध्या में चढ़ावा चोरी को आस्था के साथ विश्वासघात बताते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने प्रदेश में डीएपी-यूरिया की कमी, बिजली संकट और मानसून सत्र की कम अवधि को भी सरकार की विफलता बताया। इस मौके पर प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी, मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल, ब्लॉक प्रमुख अमित सिंह पंकज, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, भुवनेश्वर शुक्ल, लालजी यादव, लालजी पटेल, नागेश जायसवाल मौजूद रहे।