कुंडा में बृहस्पतिवार की सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक मिस्त्री की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक पलट गई, जिससे चालक होमगार्ड की हालत नाजुक बनी हुई है।
चौंसा गांव निवासी 48 वर्षीय हरिकेश सिंह बाइक मिस्त्री थे। बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे वह गांव के सामने बरगद के पेड़ के पास सड़क किनारे खड़े होकर अपने साथी से बात कर रहे थे। इसी बीच अनियंत्रित बाइक उनसे टकरा गई। हादसे में हरिकेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी कुंडा ले गए, जहां चिकित्सक की मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी गुड़िया, बेटे रवि सिंह, कुनाल सिंह, बेटियां रुबी, तस्या और खुशबू सूचना मिलते ही बेसुध हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इधर बाइक सवार होमगार्ड अखिलेश कुमार पांडेय को प्रयागराज स्थित एसआरएन में भर्ती कराया गया है। कोतवाल मनोज पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।