शादी समारोह में खाना बनाने वाले हलवाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। परिवार के लोगों ने जहरीला पदार्थ निगलने की आशंका जताई है। वहीं, चिकित्सकों ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
लालगंज कोतवाली के रायपुर भगदरा निवासी विजय यादव (40) बृहस्पतिवार की सुबह घर से निकले थे। देर शाम गांव समीप खेत में वह अचेतावस्था में मिले। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे ट्रामा सेंटर ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाल नीरज कुमार यादव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
घर में फंदे से लटका मिला महिला का शव
संदिग्ध दशा में घर के अंदर महिला का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस घटना की जांच कर रही है।
लालगंज कोतवाली के पूरे कुंदन ढिंगवस गांव की सुमन देवी (20) पत्नी नन्हेंलाल पटेल का शव बृहस्पतिवार की रात घर में फंदे से लटका मिला। मृतका के चाचा लालता प्रसाद पटेल ने युवती की मौत की सूचना पुलिस को दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत की वजह आत्महत्या बताई गई। कोतवाल नीरज कुमार यादव का कहना है कि रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
बाजार से लौट रहे युवक की वाहन की टक्कर से मौत
सामान खरीद कर बाजार से घर लौट रहे युवक को वाहन ने टक्कर मार दी। युवक को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
लीलापुर थाना के बाबूगंज चौकी क्षेत्र के डीहमेंहदी (डिहवा) निवासी रवींद्र गौतम (22) बृहस्पतिवार की रात सामान खरीदने स्थानीय बाजार गया था। घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे लालगंज ट्रॉमा सेंटर ले गई। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। एसओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि परिवार के लोगों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाएगी। आरोपी चालक की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।