जिलाधिकारी कार्यालय के सामने काले कानून के विरोध में काली पट्टी बांधकर नारेबाजी करते अधिवक्ता
अधिवक्ता संशोधन बिल के विरोध में शुक्रवार को वकीलों ने हल्ला बोला दिया। कचहरी परिसर में बिल की प्रतीकात्मक प्रतियां जलाईं। कानून मंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाकर विरोध जताया और पुतला फूंका। काली पट्टी बांध कचहरी से पुलिस लाइन गेट तक जुलूस निकाला। इसके बाद अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय को भी बंद करा दिया।
प्रदर्शन के दौरान शुक्रवार दोपहर शहर आंबेडकर चौराहा, पुलिस लाइन गेट, ट्रेजरी चौराहा और राजापाल चौराहे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस लाइन गेट पर जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान जाम में एंबुलेंस भी फंसी रही।
विरोध प्रदर्शन को विभिन्न अधिवक्ता संगठनों का समर्थन मिला। जूनियर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने बताया कि जिला बार कौंसिल ऑफ उप्र के आह्वान पर अधिवक्ता संशोधन बिल के विरोध में प्रदर्शन किया गया और न्यायिक कार्य से दूरी बनाई। जिला जज, डीएम को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है।
महांमत्री विवेक त्रिपाठी ने जूनियर बार एसोसिएशन कार्यालय में हुई बैठक का संचालन किया। साथ ही लालगंज आउटलाइन कोर्ट शुरू होने का भी विरोध किया गया। इस दौरान मुक्कू ओझा, अंजनी सिंह, विवेक शुक्ला, कमलेश कुमार गौतम, विवेक त्रिपाठी, हरीश शुक्ला आदि मौजूद रहे।
जिलाधिकारी कार्यालय के सामने काले कानून के विरोध में काली पट्टी बांधकर नारेबाजी करते अधिवक्ता