शासन ने राजकीय और अनुदानित महाविद्यालयों को दाखिला बढ़ाने के लिए इंटर कॉलेजों से संपर्क करने का निर्देश दिया है। दाखिला कम होने पर मूल्यांकन रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है।
दाखिले के दौरान महाविद्यालयों में प्रवेश उत्सव आयोजित करने का भी शासन की ओर से निर्देश आया है। महाविद्यालयों को 15 किमी के दायरे में आने वाले स्कूलों का डाटा एकत्रित करना होगा ताकि छात्रों की संख्या का पता चल सके।
जिले में चार राजकीय और सात अनुदानित महाविद्यालयों का संचालन किया जा रहा है। शासन ने यूपी बोर्ड इंटर का परीक्षा परिणाम 28 व 29 अप्रैल को जारी होने की संभावना जताई है।
इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को स्नातक समेत अन्य वर्गों में दाखिला लेना होगा। जिले के छात्रों को बाहर न जाना पड़े। वह घर पर ही रहकर अच्छी शिक्षा प्राप्त करें और निजी विद्यालयों के खर्चे से छुटकारा दिलाने के लिए शासन की ओर से महाविद्यालयों को इंटर कॉलेजों से संपर्क करने का निर्देश दिया गया है।
महाविद्यालयों में प्रवेश व काउंसलिंग के दौरान की फोटोग्राफी, ऑडियो व वीडियो रिकार्डिंग साक्ष्य के रूप में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भेजने होंगे। छात्र संख्या में वृद्धि न होने पर प्राचार्य को मूल्यांकन रिपोर्ट भी भेजनी होगी।
एमडीपीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि महाविद्यालय परिसर से 15 किमी के दायरे में स्थित इंटर कॉलेजों में संपर्क कर विद्यार्थियों का डाटा संकलित करने का शासन ने निर्देश दिया है।