पट्टी कोतवाली में हिरासत के दौरान मोलनापुर के शैलेश गौतम उर्फ अर्जुन की मौत मामले की जांच सीओ लालगंज राजीव द्विवेदी ने शुरू कर दी है। मंगलवार को सीओ ने कोतवाली के अभिलेखों की जांच पड़ताल की।
पट्टी कोतवाली में एक सप्ताह पहले अर्जुन की पुलिस हिरासत में मौत हुई थी। कोतवाली पहुंचे सीओ ने लॉकअप का निरीक्षण करने के बाद जीडी, पहरा रजिस्टर व अन्य दस्तावेज को खंगाला। इसके बाद मोलनापुर पहुंचे सीओ ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की। पीड़ित परिवार का बयान दर्ज किया। जांच प्रक्रिया शुरू होने के बाद आरोपियों में खलबली मच गई है लेकिन अभी तक प्रशासन ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया है।
सीसीटीवी फुटेज के बारे में भी अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। डीएम अभिषेक पांडेय ने बताया कि घटना की मजिस्ट्रियल जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद सभी तथ्य सार्वजनिक कर दिए जाएंगे।