जिला महिला अस्पताल का सामान शनिवार शाम जौनपुर भेजे जाने के मामले में सीएमएस अपने बयान से पलट गईं। शनिवार को उन्होंने कहा था कि जौनपुर में उनकी दिव्यांग संस्था संचालित होती है।
महिला अस्पताल से खराब सामान वहीं भेजे जा रहे हैं। रविवार को मामले की जांच शुरू होने पर उन्होंने कहा कि ट्रक पर लदे सामान को मरम्मत के लिए भेजा जा रहा था। उधर, पुलिस द्वारा सामान से लदा ट्रक पकड़ने की जानकारी होने पर शनिवार रात सीएमओ मामले की जांच करने के लिए अस्पताल पहुंचे।
शनिवार शाम जिला महिला अस्पताल से ट्रक पर सामान लादकर चालक जौनपुर के लिए निकला। बलीपुर स्थित पेट्रोलंप के पास कुछ लोगों ने चालक को रोक लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ट्रक को कोतवाली ले गई। इसकी जानकारी सीएमओ को दी गई। सीएमओ ने एक बार तो एसपी से सीएमएस के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए कहा, लेकिन रविवार को तहरीर देने की बारी आई तो वह बैकफुट पर आ गए।
सीएमओ शनिवार आधी रात सीएमएस से मिलने के लिए महिला अस्पताल पहुंचे, मगर सीएमएस रीता दूबे ने मिलने से इनकार कर दिया।
मरम्मत के लिए कहां भेजा जा रहा था सामान
महिला अस्पताल का सामान ट्रक पर लादकर मरम्मत करवाने के लिए चालक कहां लेकर जा रहा था, इसकी जानकारी सीएमएस को भी नहीं है। उधर, स्टोरकीपर का कहना है कि दोपहर दो बजे उसकी ड्यूटी समाप्त हो जाती है। वह घर चला जाता है।
रविवार को अवकाश के कारण प्रतापगढ़ नहीं आया। जिस वार्ड में रद्दी सामान रखा गया था, वहां पर क्वालिटी मैनेजर रहते हैं। इसलिए ताला नहीं बंद किया गया था। सोमवार को ड्यूटी पर आने के बाद ही पता चलेगा कि कौन-कौन सामान गया है।
चौकीदार ने बताया कि ट्रक पर सामान लद रहा था। उस समय सीएमएस मौजूद थीं। ऑक्सीजन प्लांट में कुछ दिक्कतें आ गई थीं। सूचना पर वह देखने चला गया। इस बीच चालक ट्रक लेकर निकल गया।
सरकारी अस्पताल का सामान यदि डॉक्टर या फिर सीएमएस अपने घर लेकर जाते हैं तो गलत है। महिला अस्पताल का सामान ट्रक पर लादकर गैर जनपद भेजे जाने की हमें जानकारी नहीं है। सीएमओ से बात करता हूं। कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा जाएगा।
संदीप रंजन, जेडी, स्वास्थ्य।
महिला अस्पताल का रद्दी सामान ट्रक पर लादकर चालक कहीं लेकर जा रहा था। ट्रक को पकड़ लिया गया है। महिला सीएमएस और सीएमओ को इसके बारे में जानकारी दे दी गई है। सीएमएस और सीएमओ ने न तो किसी प्रकार की तहरीर दी है और न ही सामान कहां भेजा जा रहा था, इसके बारे में कुछ बता रहे हैं। इसलिए अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई है। तहरीर का इंतजार किया जा रहा है।
एस आनंद, एसपी।