Pratapgarh News : प्रतापगढ़ में जनसभा को संबोधित करते सीएम योगी।
- फोटो : प्रतापगढ़
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को जनविश्वास यात्रा के प्रतापगढ़ पहुंचने के बाद आयोजित जनसभा में पूरी तरह चुनावी मूड में थे। उन्होंने अपने भाषणों के जरिए जहां विरोधियों पर सियासी बाण चलाए, तो जिले की अस्मिता और पुरुषार्थ की बात कर सबको साधने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतापगढ़ अपने पुरुषार्थ और बुद्धिमता के लिए जाना जाता है। उन्होंने जिले के बारे में मशहूर कहावत सौ पढ़ा न एक प्रतापगढ़ा का जिक्र कर लोगों की भावनाओं को भी कुरेदा।
जन विश्वास यात्रा का स्वागत करने के लिए लोगों को धन्यवाद देने के साथ अपने भाषण की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रतापगढ़ के लोग दुनिया में कहीं भी गए, वहां अपनी छाप छोड़ी। वैसी ही छाप छोड़ी जैसे आंवला छोड़ता है और आंवला ही यहां की पहचान है। जिस तरह आंवला खाने में कसैला होता है, लेकिन हर तरह से उपयोगी होती है, ठीक उसी तरह देश में यहां के लोग जहां भी गए और अपने पुरुषार्थ, परिश्रम और बुद्धिमता से कुछ नया करके दिया, तो लोग मान लेते हैं वह प्रतापगढ़ से जुड़ा है।