मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सदर और विश्वनाथगंज विधानसभा की 384 करोड़ रुपये की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके पूर्व उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, डेमो चेक और चाबी वितरित की।
सदर विधानसभा की 78.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 42 परियोजना का लोकार्पण, 160.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली परियोजना का शिलान्यास शामिल है। विश्वनाथगंज विधानसभा में 77.10 करोड़ की लागत से निर्मित 13 परियोजनाओं का लोकार्पण और 68.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
योगी निर्धारित कार्यक्रम से एक घंटे विलंब से पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर हजारों कार्यकर्ता उनका बेसब्री से इंतजार करते रहे। हल्की बारिश होने के बावजूद लोग मुख्यमंत्री को सुनने पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को मां बेल्हा देवी का चित्र भेंटकर स्वागत किया। सदर विधायक राजेंद्र मौर्य ने ओडीओपी के तहत चयनित आंवला उत्पाद का उपहार भेंट किया।
कार्यक्रम में सांसद अमरपाल मौर्य, विधायक जीतलाल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप उर्फ मोती सिंह, शिक्षक विधायक उमेश द्विवेदी, पूर्व सांसद कौशाम्बी विनोद सोनकर, पूर्व विधायक धीरज ओझा, प्रदेश प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह मौजूद रहे।