cluster campaign stop due to shortage of vaccine
जिले में फिर वैक्सीन की किल्लत हो गई है। इससे फिर क्लस्टर अभियान ठप हो गया है। शनिवार को अभियान पर रोक लगा दी गई। सिर्फ सीएचसी-पीएचसी में ही टीकाकरण किया गया। यहां भी वैक्सीन कम पड़ गई। सुखपालनगर, रानीगंज और कालाकांकर में टीकाकरण न होने पर लोग हंगामा करते रहे।
वैक्सीन मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने तीन दिनों तक लगातार क्लस्टर अभियान चलाया। दस हजार से अधिक लोगों को प्रतिदिन वैक्सीन दी गई। शनिवार को वैक्सीन की कमी को देखते हुए क्लस्टर अभियान नहीं चलाया गया। सिर्फ सीएचसी और पीएचसी को बूथ बनाकर टीकाकरण किया गया। महज 5310 लोगों को ही टीका लगाया गया। दोपहर बाद अधिकतर बूथों पर वैक्सीन खत्म हो गई। टीका लगवाने के लिए आने वाले लोगों को लौटाया जा रहा था। इससे नाराज लोगों ने सुखपालनगर, कालाकांकर और रानीगंज में जमकर हंगामा किया। अन्य सीएचसी और पीएचसी में भी टीका लगवाने के लिए पहुंचे लोगों की वैक्सीनेटरों से कहासुनी हुई। सहायक प्रतिरक्षाधिकारी ने बताया कि वैक्सीन की डिमांड भेजी गई है।
दूसरे दिन भी नहीं मिले एक भी संक्रमित
जिले में शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिले। इससे स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने राहत की सांस ली है। मौजूदा समय में जिले में पांच एक्टिव केस हैं। इनमें तीन लोग होम आइसोलेशन में हैं, जबकि दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोरोना से बचने के लिए वैक्सीन जरूरी : राजकुमार
भारतीय जनता पार्टी कोहड़ौर मंडल के कार्यकर्ताओं ने कोरोना टीकाकरण के विशेष अभियान के अंतर्गत दूसरे दिन सीएचसी कोहड़ौर में कैंप आयोजित किया। मुख्य अतिथि सदर विधायक राजकुमार पाल ने टीकाकरण अभियान का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचने के लिए टीकाकरण जरूरी है। किसी के बहकावे में न आएं। वैक्सीन लगाकर ही कोरोना को हराया जा सकता है। इस मौके पर डॉ. भरत पाठक, वैक्सीन प्रभारी रत्नेश मिश्रा, सच्चिदानंद मिश्र, डीपी इंसान, पूनम इंसान, रवि, पंकज जायसवाल, प्रदीप आदि लोग मौजूद रहे।