मानूसन आते ही शहरियों के सिर पर बड़ी आफत टपकेगी। लोग चौतरफा मुसीबतों की मार झेलेंगे। टूटी सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भरने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत होगी। सड़क पर रखे ट्रांसफार्मर, बिजली के पोल और लटकते तार लोगों की जान के लिए खतरा बन सकते हैं। नाले चोक होने और नालियां जाम होने के कारण शहर का पानी बाहर नहीं निकल पाएगा। जगह-जगह जमा गंदगी और कूड़े के ढेर बारिश में बीमारी की वजह बन सकते हैं। पाइप लाइन जगह-जगह फटी होने के कारण घरों में गंदे पानी की आपूर्ति होगी। बावजूद इसके नगर पालिका लापरवाह बनी हुई है। बिजली विभाग के अफसर भी सो रहे हैं।
जानलेवा साबित होंगे सड़क पर रखे ट्रांसफार्मर व स्टेवायर
बरसात के दौरान शहरियों की जान पर खतरा मंडराता रहता है। बिजली के पोल में उतरे करंट से मवेशियों संग लोगों की जान भी जा चुकी है। शहर के पल्टन बाजार, विवेक नगर, नया माल गोदाम रोड, सदर बाजार, पठखौली, धर्मशाला वार्ड, बलीपुर, अचलपुर, चिलबिला, महुली में 10 ट्रांसफार्मर सड़क के किनारे पटरी पर रखे हुए हैं। जिसकी घेराबंदी तक विभाग ने नहीं की है। इससे बरसात के दौरान करंट उतरने से लोगों की जान जा सकती है। शहर के पुराना माल गोदाम रोड, सिनेमा रोड समेत अन्य इलाकों में 23 बिजली के पोल जर्जर होकर लटक रहे हैं। इसके अलावा हर मोहल्ले में बिजली के तार भी सड़कों पर मौत बनकर झूल रहे हैं। जिसे दुरुस्त करने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के पास फुर्सत नहीं है। टूटे स्टेवायर भी बड़ी मुसीबत बनेंगे।
नाले चोक, नालियां जाम, डूबेगा शहर
शहर के साथ ही आसपास के इलाकों के अधिकांश नाले चोक हैं। गंदगी से नाला व नालियां अटी पड़ी हैं। दहिलामऊ दक्षिणी वार्ड के दजयाना मोहल्ला, पड़ाव वार्ड, गायत्री नगर, शुकुलपुर, रेलवे कालोनी, सिनेमा रोड, पश्चिमी सहोदरपुर, स्टेशन रोड, टक्करगंज, विवेक नगर, पल्टन बाजार, सदर बाजार, भैरोपुर वार्ड और धर्मशाला वार्ड के लोगों के सामने बरसात में मुसीबत ही मुसीबत होगी। नाला व नालियों के चोक होने के कारण बरसात का पानी बाहर नहीं निकल सकेगा। लोगों के घरों में गंदा पानी घुसेगा। पिछली बार भी सिप्तैन रोड, धर्मशाला वार्ड, पश्चिमी सहोदरपुर, बलीपुर, पल्टन बाजार, मकंद्रूगंज वार्ड के अधिकांश हिस्सों में जलभराव की समस्या से शहरयिों को जूझना पड़ा था। इस बार भी नालों की सफाई न होने के कारण शहरियों को जलभराव की समस्या से परेशान होना पड़ सकता है। नगर पालिका के 240 सफाई कर्मचारी भी नाला व नालियों की सफाई नहीं कर सके। सैंयाबांध को जाने वाला नाला भी पूरे पितई व जोगापुर के पास पाट लिया गया है। इससे शहर का पानी जोगापुर की ओर नहीं जा सकेगा। इससे रूपापुर, खुशखुशवापुर, गायत्री नगर, करनपुर में रहने वाले लोगों को जलभराव की दिक्कत से परेशान होना पड़ेगा।
गड्ढे, टूटी सड़कें भी देंगी दर्द
शहर की गड्ढायुक्त व टूटी सड़कें भी शहरियों के लिए मुसीबत बनेंगी। नया मालगोदाम रोड पर बरसात में जलभराव की समस्या से लोगों को घुटनों पर भर गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। हल्की बरसात में कीचड़ से लोगों का चलना दूभर हो जाता है। आजाद नगर को जाने वाली सडक़ भी जर्जर हो चुकी हैं। बगल गुजरे नाले के पानी से मोहल्ले के लोगों का घर से निकलना दूभर होगा। शहर से सटे करनपुर करमचंदा-देवकली मार्ग गंदे पानी से डूबा हुआ है। जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण सडक़ पर पानी भरा है। कपूर चौराहे से लेकर विक्रम चौराहा रोड पर जर्जर है। दहिलामऊ उत्तरी वार्ड में बुढिय़ा देवी रोड भी बदहाल है। बरसात में टूटी सडक़ों पर पानी भरने से लोग हादसों का शिकार तो होंगे ही, आने-जाने में भी भारी मुसीबत उठानी पड़ेगी।
बीमार बनाएंगे कूड़े के ढेर, बदबू फैलाएगी शहर की गंदगी
शहर के सभी वार्डों में गंदगी का अंबार लगा है। हर मोहल्ले में कूड़े के ढेर हैं। जिससे बरसात में संक्रामक रोग फैलने की आशंका है। बरसात में कूड़ा करकट के साथ ही शहर की गंदगी बजबजाएगी। जो लोगों के लिए किसी मुसीबत से कम नही होगी। शहर के पल्टन बाजार, टक्करगंज, अस्पताल वार्ड, बेगमवार्ड, अजीत नगर, पड़ाव वार्ड, पूर्वी सहोदरपुर, बलीपुर, विवेक नगर, धर्मशाला वार्ड में हर ओर गंदगी का अंबार लगा है।
पाइप लाइन में लीकेज, घरों में होगी गंदे पानी की आपूर्ति
शहरियों की प्यास बुझाने के लिए नगर पालिका पेयजल की तीन बार सप्लाई करती है। सड़क या नालों के नीचे से गुजरी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बहुत से स्थानों पर क्षतिग्रस्त पाइप लाइन से ही पानी की सप्लाई होती है। बरसात में यह समस्या अधिक हो जाती है। सुखदेर रोड धर्मशाला वार्ड, पड़ाव वार्ड, भैरोपुर, सदर बाजार में पाइप लाइन लीकेज होने के कारण पानी के साथ गंदगी भी लोगों के घरों तक पहुंचेगी।