खस्ताहाल हो चुके बाबूगंज-चंद्रिकन मार्ग की मरम्मत की मांग मांग को लेकर शनिवार को स्कूली बच्चे और व्यापारी सड़क पर उतर आए। पूरी तरह तालाबमें परिवर्तित सड़क की हालत आठ साल बाद भी नहीं सुधरने से नाराज व्यापारियों, स्कूली बच्चों ने गुस्सा जनप्रतिनिधियों पर उतारा। पहले धरना-प्रदर्शन कर जुलूस निकाला और क्षेत्रीय सांसद और विधायक के मुर्दाबाद के नारे लगाए। ये पहली बार था जब किसी समस्या को लेकर स्कूली बच्चे सड़क पर उतरे।
बाबूगंज बाजार से चंद्रिकन धाम को जोड़ने वाली तीन किमी सड़क वर्तमान में पूरी तरह उखड़ गई है। सड़क पर पानी भरा होने से बच्चे जहां फिसलकर गिर रहे हैं, वहीं राहगीर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। शनिवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय बाबूगंज में सीबीएस एकेडमी बाबूगंज, ज्योति इंटर कॉलेज किशुनगंज, एनआरएस पब्लिक स्कूल अंतू, सरस्वती विद्या मंदिर अंतू, इंटरमीडिएट कॉलेज संडवा चंद्रिका के बच्चे और टाउन एरिया अंतू और बाबूगंज के व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन किया।जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा से आक्रोशित बच्चों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बाबूगंज बाजार में जुलूस निकाला। तहसीलदार सदर चंद्रेश सिंह ने को बच्चों ने ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर राजेश सिंह, दिलीप सिंह, राम इकबाल सिंह, चंद्रभान गुप्ता, बीपी सिंह,हरिबख्श सिंह आदि मौजूद रहे। ज्योति इंटरकॉलेज में कक्षा दस की छात्रा निधि ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि अगर हम जानते कि जनप्रतिनिधि इतने आलसी हैं, तो हम माता-पिता से ऐसे लोगों को वोट नहीं देने को पहले ही शपथ दिला देते।
आनन-फानन में तैयार कर दिया गया सात करोड़ का बजट
बाबूगंज बाजार में स्कूली बच्चों और व्यापारियों के धरना-प्रदर्शन और जुलूस की गूंज लोक निर्माण विभाग पहुंचने पर अवर अभियंताओं ने सात करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा है। प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता डीपी दुबे ने बताया कि सात करोड़ रुपये का प्रस्ताव आज तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि बजट के मंजूर हो कर आए इससे पहले गिट्टी डालकर गड्ढा पाटा जाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।