बुआ की शादी से एक दिन पहले तालाब में डूबने से छह वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। वहीं, पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
लालगंज कोतवाली के अझारा गांव बृहस्पतिवार को कयूम के छह वर्षीय बेटे रेहान का शव घर के सामने बने तालाब में मिला। कयूम ने बताया कि रेहान की बुआ रुखसार बानो की शुक्रवार को प्रयागराज से बरात आनी है। परिजन शादी की तैयारी में व्यस्त थे। इस बीच बालक की मौत हो गई।
चाचा रजा अली ने ग्रामीणों की मदद से बच्चे का शव तालाब से बाहर निकाला। पिता कयूम को आशंका है कि किसी ने उनके बेटे की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया है। सूचना पर सीओ आशुतोष मिश्रा व लालगंज कोतवाल आलोक कुमार मौके पर पहुंचे। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ आशुतोष मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।