देर शाम मृतका कल्पना के शव का परिजनों ने प्रयागराज के रसूलाबाद घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। जबकि शिवम के पिता जवाहरलाल के नासिक से आने की बात कहते हुए परिवार के लोगों ने बुधवार को अंतिम संस्कार करने की बात कही। बुधवार की सुबह मृतक के भाई सत्यम समेत परिवार के लोग हत्या का मुकदमा दर्ज करने व शस्त्र लाइसेंस की मांग पूरी होने के बाद शव का अंतिम संस्कार करने की जिद करने लगे।
मृतक के भाई सत्यम की तहरीर पर पुलिस ने मृतका के पिता विजय पटेल, प्रधान प्रतिनिधि शशिकांत मिश्रा व सूरज मिश्रा के खिलाफ हत्या व शव छिपाने का मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं दूसरी ओर मृतका कल्पना की मां फूला देवी ने भी पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि शिवम के बड़े पिता स्वामीदयाल व उसके लड़के समेत परिवार के लोगों ने उसकी बेटी को उठा ले गए। हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया।
इधर मुकदमे की कापी मिलने के बाद परिजन शस्त्र लाइसेंस की जिद पर अड़ गए। जेठवारा एसओ ने क्षेत्रीय विधायक जीतलाल पटेल से परिजनों की बात कराई। विधायक के आश्वासन पर परिजन शव के अंतिम संस्कार को तैयार हुए। जिसके बाद पुलिस व प्रशासनिक अमले ने राहत की सांस ली। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी रोहित मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। एक पक्ष का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दूसरे का भी दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई होगी।
पिता के पहुंचने के बाद गांव में ही शव दफनाने की थी तैयारी
बुधवार की सुबह नासिक से मृतक शिवम का पिता घर पहुंचा। बेटे का शव देखते ही वह बेसुध हो गया। पहले तो परिजन गांव में ही शव दफनाने की तैयारी कर रहे थे। मगर आखिरी समय परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए ऋंग्वेरपुर करने चले गए।
कल्पना की मई में होनी थी शादी
जेठवारा। बलापुर निवासी विजय पटेल की पत्नी फूला देवी ने बताया कि कल्पना की शादी प्रयागराज जनपद के गदियानी में तय कर दिया था। गोदभराई की रश्म भी हो गई थी। मई 2023 में शादी होनी थी। विवाह की तैयारी भी चल रही थी। मगर यह अनहोनी हो गई। पिछले साल कल्पना को ननिहाल भेजा गया था। ताकि शिवम व कल्पना के बीच दूरी बन जाए।