लेखपाल से मारपीट करने वालों पर मुकदमा दर्ज
डीएम के आदेश पर पैमाइश करने गई थी राजस्व टीम
अमर उजाला ब्यूरो
जगेशरगंज। शनिवार को डीएम के आदेश पर जमीन विवाद का निस्तारण करने पहुंचे लेखपाल से मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
अंतू थाना क्षेत्र के जगेशरगंज बाजार निवासी रोशनलाल पुत्र शंकरलाल ने थाना दिवस में डीएम की मौजूदगी में प्रार्थना पत्र देकर जमीन विवाद का निस्तारण कराने की मांग की थी। डीएम के आदेश पर लेखपाल दूधनाथ और अनिल कुमार के साथ थाने के एसआई सुभाषचंद्र तिवारी और दो सिवाही शनिवार को जगेशरगंज बाजार गए थे। लेखपाल दूधनाथ ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जमीन की नाप के दौरान जगनारायण गुप्ता और उसके बेटों ने गालीगलौज और मारपीट की। लेखपाल दूधनाथ ने अंतू पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की थी। अंतू पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी है। अंतू एसओ ने बताया कि लेखपाल दूधनाथ की तहरीर पर जगनारायण गुप्ता, पिता नोहर गुप्ता और इनके तीन बेटों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।