क्षेत्र के देउम पश्चिम में रविवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कैंसर मरीज का शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देउम पश्चिम निवासी नन्हेलाल वर्मा (45) को कैंसर की बीमारी थी। वह पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली में रहते थे। दो वर्ष पूर्व परिजन उन्हें घर छोड़ गए। वह घर मां धनक्का के साथ रहते थे। बड़े भाई मुन्नालाल अलग रहते हैं।
रविवार को मां किसी काम से बाहर गई थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घर पहुंचने पर मां ने बेटे को कमरे के अंदर छत के हुक के सहारे गमछे के फंदे पर लटकता देखा। बेटे को फंदे पर लटका देख महिला रोने बिलखने लगी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी गौरव त्रिवेदी ने बताया कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। गांव में चर्चा है कि बीमारी से तंग आकर अधेड़ ने आत्महत्या की है, लेकिन तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।