प्रतापगढ़। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा के इलाके में बिजली विभाग के अफसर जनता को धोखा दे रहे हैं। एक सप्ताह का शेड्यूल हकीकत दर्शाने को काफी है। शासन के आदेश को यहां बिजली विभाग ने पूरी तरह से नजरअंदाज कर रखा है।
जनपद में बिजली विभाग ने गांवों को दस घंटे के लिए बिजली आपूर्ति का रोस्टर बनाया है। दिन में चार घंटे और रात में छह घंटे बिजली देने का दावा विभाग करता है। रानीगंज तहसील क्षेत्र में बिजली विभाग के अफसर बराबर दस घंटे बिजली मुहैया कराने की बात कह रहे हैं। दिन में दस बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति होने के अलावा रात्रि में दस बजे से भोर चार बजे तक बिजली सप्लाई होने का दावा किया जा रहा है, जबकि हकीकत इससे विपरीत है।
मंत्री के इलाके में बिजली विभाग जनता को ठग रहा है। रात-दिन मिलाकर कभी एक घंटे तो कभी तीन घंटे बिजली मिल रही है। इससे गेहूं की सिंचाई करने में किसानों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। रोस्टर बिजली के हिसाब से न मिलने पर शिकायत के लिए विभाग ने कंट्रोल रूम का नंबर जारी किया है लेकिन जब उपभोेक्ता फोन मिलाते हैं तो मोबाइल नाट रिचेबल या बंद बताता है। इससे किसानों के साथ ही रानीगंज क्षेत्र के लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।