प्रधान पद के दो, बीडीसी सदस्य के 11 और ग्राम पंचायत सदस्य के 610 पदों पर होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार को ब्लॉकों से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। जिले में ग्राम पंचायत सदस्य के 127 पद अभी भी रिक्त पड़े हुए हैं, इन पदों के लिए किसी ने आवेदन ही नहीं किया है।
जिले के 17 विकास खंडों में 12 जून को मतदान और 14 जून को मतगणना होगी। उपचुनाव में प्रधान पद के दो, बीडीसी सदस्य 11 और ग्राम पंचायत सदस्यों के 610 पदों पर होेन वाले चुनाव के लिए शु्क्रवार को पोलिंग पार्टियां ब्लॉकों से बूथ के लिए रवाना होंगी। मतदान कार्मिकों को बूथ तक ले जाने के लिए वाहनों को अधिगृहीत कर ब्लाकों पर भेज दिया गया है। छह जून को ब्लाकों पर हुए नामांकन में ग्राम पंचायत सदस्यों के 4809 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ था।
बिहार ब्लाक के पड़वासी और कालाकांकर ब्लॉक के मुहम्मदाबाद उपरहार में प्रधान का निर्विरोध चयन किया जा चुका है। ग्राम पंचायत सदस्य के 127 पदों के लिए किसी ने आवेदन ही नहीं किया। इससे यह सीटें खाली पड़ी हुई हैं। हालांकि उपचुनाव के बाद असंगठित 491 ग्राम पंचायतों के संगठित होने का रास्ता साफ हो जाएगा। एडीएम शत्रोहन वैश्य ने बताया कि शांतिपूर्ण उपचुनाव कराने के लिए अफसरों और पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है।