लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर रानीगंज सीओ कार्यालय भीठलपुर के पास कार ने सड़क किनारे खड़े बोलेरो चालक को टक्कर मार दी। बोलेरो चालक कार में फंसकर 50 मीटर तक घिसटता चला गया। कार रुकने पर गंभीर हालत में घायल को बाहर निकालकर रानीगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के पूरे महंत रामगए़ निवासी जगदीश गिरि (55) बोलेरो चलाकर गुजर बसर करते थे। वाहन की मरम्मत कराने के लिए मंगलवार की सुबह 10 बजे वह रानीगंज बाजार आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीठलपुर के पास जगदीश सड़क किनारे खड़े थे। इसी बीच बादशाहपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े जगदीश को टक्कर मार दी।
इसी दौरान चालक कार में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया। शोर मचाने पर कार चालक ने गाड़ी रोकी। मौके पर लोग पहुंचे और चालक गंभीर हालत में बाहर निकाला। उसे इलाज के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने चालक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के साथ परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चालक की मौत से परिजन बेसुध हैं। मृतक के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।