फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब भी मिल रहा काला धन : समझ गए होंगे बबुआ ने क्यों किया नोटबंदी का विरोध : योगी

Mon, 27 Dec 2021 07:29 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रतापगढ़

सार

मुख्यमंत्री ने 554 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले गरीबों की योजनाओं का पैसा दलालों के पास पहुंचता था, जिसे दीवारों में चुनवा दिया जाता था, लेकिन अवैध कमाई जाएगी कहां।
विज्ञापन
1 of 9
Prayagraj News : योगी आदित्यनाथ। - फोटो : प्रयागराज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 41 साल से कांग्रेस के कब्जे वाली रामपुर खास विधानसभा में सोमवार को विपक्षी दलों पर जोरदार हमले किए। लालगंज इलाके के नया पुरवा में भाजपा की ओर से निकाली जा रही जन विश्वास यात्रा के पहुंचने पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने नाम लिए बगैर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधा, कहा कि पांच साल बाद भी काला धन मिल रहा है, समझ गए होंगे बबुआ ने नोटबंदी का विरोध क्यों किया। समाजवादी इत्र बनाने वाले कानपुर के कारोबारी पीयूष जैन के घर आयकर विभाग के छापे का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि जो सत्ता से बाहर हैं, उनके घर की दीवारों से तीन दिन से नोट निकल रहे हैं। 

मुख्यमंत्री ने 554 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले गरीबों की योजनाओं का पैसा दलालों के पास पहुंचता था, जिसे दीवारों में चुनवा दिया जाता था, लेकिन अवैध कमाई जाएगी कहां। आज इनकम टैक्स उसे बाहर निकाल रहा है। गरीबों का आशीर्वाद भी लगता है और उनकी हाय भी बड़ी तेजी से लगती है। सपा-बसपा और कांग्रेस के नेता लूट के पैसे से अपने घर बनाते थे। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में एक पार्टी है भाई-बहन की। दूसरी चाचा-भतीजे की और तीसरी बुआ-भतीजे की। सपा-बसपा और कांग्रेस वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति से अलग नहीं हो सकती हैं।
विज्ञापन

2 of 9
Pratapgarh News : प्रतापगढ़ में जनसभा को संबोधित करते सीएम योगी। - फोटो : प्रतापगढ़
कोरोना कालखंड में नहीं दिखी भाई-बहन की पार्टी

सीएम ने कहा कि कोरोना कालखंड को करीब 22 महीने हो गए हैं। बीस महीनों तक भाई-बहन की पार्टी का कहीं पता नहीं चला। कोरोना में सपाई कहीं नहीं दिखे। अवसर मिलता तो सपा के नेता गरीबों को मुफ्त मिलने वाला राशन भी हड़प जाते। कोरोना के समय केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ता ही कार्य कर रहे थे। जो विपत्ति के समय में सहयोगी बना, वही सुख का साथी भी बनेगा। वोट का अधिकारी बनेगा। कोरोना के समय दूसरे दल होम क्वारंटीन थे। अब चुनाव में भी विपक्षियों को होम क्वारंटीन करने की आवश्यकता है। 
विज्ञापन

3 of 9
Pratapgarh News : जनसभा में लोगों का अभिवादन करते सीएम योगी। - फोटो : प्रतापगढ़
कांग्रेस के समय घोषणा के दस साल बाद होता था शिलान्यास 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में किसी योजना की घोषणा होने के दस साल बाद उसका शिलान्यास होता था। बीस साल लग जाते थे बनने में। वो भी आधा-अधूरा। भाजपा की सरकार में अधूरे की जगह नहीं है। हमने तो पूर्णिमा के चांद की पूजा की है। यहां कुछ भी अधूरा नहीं रहता है।

4 of 9
Pratapgarh News : सभा को संबोधित करते सीएम योगी। - फोटो : प्रतापगढ़
2017 के बाद कोई दंगा सुना ? 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में हर जगह दंगे होते थे। लखनऊ, कानपुर, मुजफ्फरनगर और मथुरा के कोसी में त्योहारों पर दंगे होते थे। 2017 के बाद कहीं कोई दंगा सुना। दंगा करोगे तो सात पीढ़ियां भरपाई करते-करते थक जाएंगी। 

प्रतापगढ़ की सातों सीटें मिलेंगी भाजपा और सहयोगी दलों को 
जनविश्वास यात्रा के प्रतापगढ़ पहुंचने पर आयोजित जनसभा में भारी भीड़ देख सीएम योगी आदित्यनाथ गदगद थे। उन्होंने कहा कि रामपुर खास ही नहीं बल्कि जिले की सभी विधानसभा सीटें भाजपा और सहयोगी दलों को मिलेंगी। कमल कल्याण का कारक बनेगा।
विज्ञापन

5 of 9
Pratapgarh News : सभा को संबोधित करते सीएम योगी। - फोटो : प्रतापगढ़
जैसे दंगाइयों के लिए भाजपा काल, वैसे ही कोरोना के लिए वैक्सीन 
सीएम योगी ने जनसभा में उमड़ी भीड़ से पूछा, कितने लोगों ने वैक्सीन लगवा ली है? जब भीड़ ने हाथ उठाया तो मुख्यमंत्री बोल पड़े, वाह! प्रतापगढ़, समझ गया मैं आप लोगों को। जिन लोगों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई है वह दूसरी भी लगवा लें। जिन लोगों ने नहीं लगवाई है, उन्हें लगवाने के लिए कहें। जैसे भाजपा दंगाइयों के लिए काल है वैसे ही वैक्सीन कोरोना के लिए।
 
डबल इंजन की सरकार है तो अन्न का भी डबल डोज मिलेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार है। इसके चलते अन्न योजना के तहत लोगों को राशन भी दोगुना मिलेगा। मुख्यमंत्री ने भीड़ से पूछा, अन्न योजना ठीक है ? खुश हैं ? फिर उन्होंने लोगों से हाथ उठवाकर पूछा कि कि भाजपा को आशीर्वाद मिलेगा ?
विज्ञापन

6 of 9
Pratapgarh News : सभा को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय। - फोटो : प्रयागराज
काले कपड़े पहनकर आई महिला को जनसभा में जाने से रोका 
बाबागंज के किन्हौली गांव निवासी रागिनी स्वयं सहायता समूह से जुड़ी सुमित्रा को काले कपड़े पहनने के कारण पुलिसकर्मियों ने जनसभा में जाने से रोक दिया। वह काफी प्रयास करती रही, लेकिन पुलिस ने उसे अंदर जाने की इजाजत नहीं दी। इससे परेशान होकर वह बाहर ही सीएम योगी के आने का इंतजार करती रही। 

एक घंटे की देरी से पहुंचे मुख्यमंत्री 
मुख्यमंत्री लालगंज के नया पुरवा में आयोजित जनसभा में एक घंटे की देरी से पहुंचे। प्रोटोकाल के मुताबिक, उन्हें 12 बजे नया पुरवा पहुंचना था, लेकिन एक घंटे की देरी से उनका हेलीकॉप्टर एक बजे जनसभा स्थल के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। हेलीपैड पर भाजपा नेता अनिल प्रताप सिंह, केके सिंह, सांसद संगमलाल गुप्ता, विधायक धीरज ओझा, राजकुमार पाल, मंत्री मोती सिंह समेत जिले के अन्य भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री को पुष्प भेंटकर स्वागत किया।
विज्ञापन

7 of 9
Pratapgarh News : सीएम योगी की सभा में उमड़ी भीड़। - फोटो : प्रतापगढ़
छोटा पड़ा मैदान, बाहर सड़कों पर खड़ी थी भीड़ 
सीएम योगी की जनसभा में जिलेभर के लोगों को बुलाया गया था। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ एएनएम, स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं महिलाओं के साथ जिलेभर से भाजपा कार्यकर्ता भी आए थे। भीड़ उमड़ने के बाद मैदान छोटा पड़ गया। जगह न होने के कारण मैदान के बाहर से निकली नहर पटरी पर सीएम को सुनने के लिए भीड़ खड़ी थी। 

कार्यकर्ताओं को आननफानन बांटी गई टोपी और भाजपा का पट्टा 
जनसभा स्थल पर मुख्यमंत्री के मंच के आगे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए वीआईपी दीर्घा बनाई गई थी। इसमें कुर्सियों पर कार्यकर्ता बैठे हुए थे। मुख्यमंत्री के आने से कुछ देर पहले अचानक भाजपा नेताओं को याद आया कि कार्यकर्ताओं को टोपियां और भाजपा का पट्टा नहीं दिया गया है। इसके बाद आननफानन सभी को पट्टा और टोपियां बांटी गईं। 

जब सांसद ने कहा, जिलाधिकारी साउंड सिस्टम को निर्देश दें
मुख्यमंत्री के आने से पहले स्थानीय नेता मंच पर भाषण दे रहे थे। इस दौरान सांसद संगमलाल गुप्ता भी भाषण देने पहुंचे। भाषण देते समय अचानक साउंड सिस्टम में कुछ गड़बड़ी आ गई। इस पर सांसद तुनक गए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी साउंड सिस्टम को निर्देश दें। आवाज कार्यकर्ताओं तक नहीं पहुंच रही है।

8 of 9
Pratapgarh News : प्रतापगढ़ में सीएम योगी को गदा भेंट की गई। - फोटो : प्रतापगढ़
सीएम के आने तक चलती रहीं तैयारियां, भागदौड़ करते रहे अफसर 
मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए लालगंज के नया पुरवा में लगाए पंडाल में अंतिम समय तक तैयारियां चलती रहीं। अफसर इधर से उधर भागदौड़ करते नजर आए। मंडलायुक्त संजय गोयल के साथ डीएम डॉ. नितिन बंसल एक तैयारी का जायजा लेते रहे। दरअसल, अफसरों को इस बात का डर था कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में कहीं कोई कमी न रह जाए। हालांकि जिले के अफसरों में नेताओं के सामने खुद को व्यस्त दिखाने की भी होड़ लगी थी।

सीडीओ ईशा प्रिया कुछ ज्यादा ही भागदौड़ करती नजर आईं। वह लिस्ट लेकर कभी सांसद संगमलाल गुप्ता तो कभी मंत्री मोती सिंह के साथ व्यवस्थाओं पर चर्चा करती रहीं। कई बार वह मंच से पंडाल तक भी आती-जाती रहीं। मुख्यमंत्री के लिए बनाए मंच पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ वहीं से वह पंडाल के लिए भी अधीनस्थों को आदेश देती नजर आईं। हालांकि अफसरों का ध्यान जनसभा में आने वाली भीड़ की सुविधाओं पर कम नेताओं पर ज्यादा था। जनसभा स्थल तक आने के लिए ठीक से रास्ता भी नहीं बनवाया गया था। मुख्य रास्ते की मिट्टी गीली थी। लोगों के पैर धंस जा रहे थे। 
विज्ञापन

9 of 9
Pratapgarh News : दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते सीएम योगी। - फोटो : प्रयागराज
कार्यकर्ताओं का हंगामा, सीएम का कटआउट तोड़ा
नया पुरवा में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने से पहले रामपुर खास से भाजपा प्रत्याशी रहे नागेश प्रताप सिंह छोटे सरकार के साथ आए कार्यकर्ता वीआईपी दीर्घा में घुसने को लेकर हंगामा करने लगे। अंदर जाने को लेकर पुलिस से उनकी नोकझोंक और धक्कामुक्की होती रही। हंगामा बढ़ते देख वहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए। हंगामे और धक्कामुक्की के दौरान कार्यकर्ताओं ने वहां लगा सीएम का कटआउट भी तोड़ डाला। 

मुख्यमंत्री के आने सेे करीब एक घंटे पहले भाजपा नेता नागेश प्रताप सिंह अपने समर्थकों के साथ जनसभा स्थल पर पहुंचे। नागेश के नाम की तख्तियां लेकर पहुंचे उनके समर्थक उत्साह में नारे लगा रहे थे। जनसभा स्थल पर पहुंचने के बाद नागेश सीधे मंच पर चले गए, लेकिन उनके साथ आए समर्थक नारेबाजी करते रहे। वीआईपी दीर्घा में घुसने को लेकर उनकी पुलिस से बहस होने लगी।

पुलिस के अंदर आने से रोकने पर समर्थक बेकाबू होकर हंगामा करने लगे। वह जबरन वीआईपी दीर्घा में घुसने पर आमादा थे। यह देख वहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों और नागेश के समर्थकों में धक्कामुक्की और नोकझोंक होने लगी। पुलिस ने जब अंदर नहीं आने दिया तो समर्थक वहीं नारेबाजी और हंगामा करते रहे। धक्कामुक्की के दौरान वहां लगा मुख्यमंत्री का कटआउट टूटकर गिर गया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें