बाजार से लौट रहे अधिवक्ता की बाइक में माल वाहक पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठा साथी उछलकर पिकअप के डाला में जा गिरा। चालक ने तीन किमी बाद उसे नीचे उतारकर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लिखा-पढ़ी शुरू कर दी है।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के काजीपुर कुसेमर गांव निवासी 35 वर्षीय आलोक कुमार पटेल कुंडा तहसील में अधिवक्ता थे। रविवार को वह साथी संजय पटेल के साथ रायबरेली जिले के सलोन बाजार गए थे। देर शाम दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव के निकट सामने से आ रही मालवाहक पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे आलोक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान संजय बाइक से उछलकर पिकअप डाला में जा गिरा। यह देख चालक गाड़ी लेकर भागने लगा। संजय के शोर मचाने पर करीब तीन किलोमीटर दूर ले जाकर चालक ने संजय को नीचे उतारा और भाग निकला। संजय ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस घायल संजय और अधिवक्ता आलोक को इलाज के लिए सीएचसी संग्रामगढ़ ले गई। वहां चिकित्सकों ने अधिवक्ता आलोक को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही अधिवक्ता के परिजनों में कोहराम मच गया।